अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर में बीएससी प्रथम सेमेस्टर के सामान्य पाठ्यक्रम में सीटों की बढ़ोतरी की मांग को लेकर बुधवार से एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने परिसर में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर विरोध जताया। मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी।
बुधवार को अनशन पर बैठे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि परिसर प्रशासन से कई बार वह लोग बीएससी प्रथम सेमेस्टर के सामान्य पाठ्यक्रम में सीटें बढ़ाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन मांगों पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो पाई है। कहा कि यहां अधिकांश छात्र-छात्राएं विभिन्न जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से उच्च शिक्षा ग्रहण करने आते हैं लेकिन उन सभी छात्रों को बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रतिशत अंक आने के बाद भी परिसर में प्रवेश में कई कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों की समस्याओं को देखते हुए उन्होंने पिछले दिनों बीएससी प्रथम सेमेस्टर में सामान्य पाठ्यक्रम की सीटें बढ़ाने की मांग की थी लेकिन इसमें कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। पहले दिन जिला संयोजक राहुल खोलिया, संजू सिंह, विपुल कार्की, विशाल साह, अमित बिष्ट, अमित नेगी, नितिन रावत, नवल बिष्ट, बाल विक्रम, हिमांशु तिवारी, पूरन सिंह, हिमांशु जोशी, अमित नैनवाल आदि अनशन पर बैठे।