रानीखेत (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट तहसील के बाराखाम जालली से अल्मोड़ा जा रही अल्टो कार रानीखेत के बूचड़ी सरना गार्डन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में एक परिवार के लोग शामिल थे। वह लोग बाराखाम से नामकरण संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। दुर्घटना में चार लोग जख्मी हो गए। एक व्यक्ति को अधिक चोटें आई हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को राजकीय अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है कि कार चालक नशे में था। पुलिस ने चालक का मेडिकल भी कराया।
अल्मोड़ा के मोहल्ला दुगालखोला निवासी आनंद राम पुत्र गोविंद राम, गोविंद राम पुत्र किशन राम, चौसली निवासी खीम राम पुत्र बची राम और बडगलभट निवासी चंदन राम पुत्र लच्छी राम (सभी रिश्तेदार) बृृहस्पतिवार को बाराखाम जालली में किसी रिश्तेदार के घर नामकरण संस्कार में शामिल होने आए थे। वहां से लौटते समय शुक्रवार सुबह वह अल्टो कार यूके 01 टीए-3782 से अल्मोड़ा लौट रहे थे। रानीखेत बूचड़ी सरना गार्डन के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। दुर्घटना में चारों लोग घायल हो गए। कार गिरने की आवाज सुनते ही जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बसंत नेगी ने सूचना पुलिस को दी और स्वयं राहत कार्य में जुट गए। सूचना के बाद थानाध्यक्ष रमेश बोहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बसंत नेगी और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल की डॉ. वृंदा अग्रवाल ने बताया कि गोविंद राम की छाती में चोट लगी है। एक्सरे कराया गया है, जबकि अन्य तीन लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। थानाध्यक्ष रमेश बोहरा ने बताया कि कार चालक नशे में था। उसका भी मेडिकल कराया गया है।