फिरोजाबाद। दिल्ली,नोएडा,गजियाबाद,फरीदाबाद सहित देश के विभिन्न हिस्सों से पैदल आने वाले श्रमिकों के परिजनों को ठहराने की व्यवस्था जैन मंदिर धर्मशाला में की है। परंतु अधिकांश श्रमिक अपने गांव जाने के लिए तैयार है।प्रशासन की टीम रविवार को वाहनों को मुहैया कराने की व्यवस्था में जुटी रही। ताकि गरीब तबके के लोग अपने घरों को पहुंच सकें। दिल्ली स्थित आनंद बिहार बस स्टेंड पर हजारों मजदूरों के भीड़ एवं गाजियाबाद के लालचौक बस स्टेंड पर घर लौटने को मजदूरों की उमड़ी भीड़़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासन सक्रिय हो गया।रविवार को सुबह से डीएम चंद्र विजय सिंह के निर्देशन में जिले के एसडीएम,एआरटीओ के साथ पुलिस की टीमें वाहनों की व्यवस्था करने में जुटी दिखाई दीं। ताकि श्रमिक तबके के लोगों को जिले में दिक्कत नहीं होने पाए। इस संबंध में डीएम के कैंप कार्यालय से बताया गया यदि कोई श्रमिक जिले में ठहरना चाहता है तो संबंधित एसडीएम को ठहराने व भोजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि जिले में कोई श्रमिक रुकने के लिए तैयार नहीं है। इसके कारण उनको गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है। एसडीएम सदर राजेश कुमार ने बताया कि जैन मंदिर धर्मशाला में ठहराने की व्यवस्था की गई है। दूरदराज क्षेत्रों से पैदल आने वाले श्रमिकों को रोककर उनको भोजन कराने के साथ वाहनों के माध्यम से इटावा,कानपुर,मैनपुरी व फर्रूखाबाद,औरैय्या आदि जिलों को भिजवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिंता इस बात की है कि कोई भूखा व परेशान नहीं होने पाए।इसके कारण यह व्यवस्था की जा रही है।