दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला इमोजी कौन है, यहां देखिए लिस्ट
हार्ट इमोजी और हार्ट आइज इमोजी को क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान मिला है। रिसर्च के मुताबिक फ्रेंच के लोग सबसे ज्यादा हार्ट वाले इमोजी का इस्तेमाल करते हैं, जबकि अमेरिकन और रशियन लोगों की पहली पसंद खुशी के आंसू वाले इमोजी हैं।

विस्तार
हम हर रोज कई इमोजी का इस्तेमाल करते हैं। कई बार मैसेज में, तो कई बार सोशल मीडिया पर, लेकिन यदि आपसे यह पूछा जाए कि दुनिया की सबसे पसंदीदा इमोजी कौन-सी है तो शायद आपको थोड़ा सोचना पड़े या गूगल पर सर्च करना पड़े। खैर, छोड़िए आपको सर्च करने में अपना वक्त जाया मत करिए, हम आपको बता देते हैं। खुशी के आंसू के साथ खिलखिलाकर हंसता हुआ इमोजी दुनिया का सबसे पसंदीदा इमोजी है। यह जानकारी अमेरिका की मिशिगन यूनिवर्सिटी और चीन की पिकिंग विवि द्वारा 212 देशों के 4.27 करोड़ मैसेजेस के आधार पर की गई रिसर्च में सामने आई है
रिपोर्ट में कहा गया है कि अलग-अलग महाद्वीपों में रहने वाले अलग-अलग संस्कृति के लोगों ने खुशी के आंसू वाले इमोजी का इस्तेमाल सबसे ज्यादा किया। मिशिगन विवि के रिसर्चर वेई एई के मुताबिक इमोजी का इस्तेमाल पूरी दुनिया में होता है, लेकिन रिसर्च में जितने को शामिल किया गया था, इनमें से सबसे ज्यादा यानी करीब 15.4 फीसदी तक खुशी के आंसू वाले इमोजी का इस्तेमाल किया गया है।
हार्ट इमोजी और हार्ट आइज इमोजी को क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान मिला है। रिसर्च के मुताबिक फ्रेंच के लोग सबसे ज्यादा हार्ट वाले इमोजी का इस्तेमाल करते हैं, जबकि अमेरिकन और रशियन लोगों की पहली पसंद खुशी के आंसू वाले इमोजी हैं। रिसर्च में कहा गया है कि जिन देशों के लोग खुद में ही मस्त रहते हैं, वे हैप्पी इमोजी का खूब इस्तेमाल करते हैं। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, चेक रिपब्लिक जैसे देशों के नाम हैं।
पीले रंग के ही क्यों होती हैं इमोजी
विशेषज्ञ इमोजी का रंग पीले होने का कई कारण बताते हैं। उनके मुताबिक इमोजी का रंग व्यक्ति के स्किन टोन से काफी मिलता जुलता है। इस कारण ये पीले होते हैं। कहा यह भी जाता है कि पीले रंग पर हंसी की भावदशा काफी ज्यादा मात्रा में अभिव्यक्त होती है।
वहीं दूसरी तरफ लोग जब खिल-खिलाकर हंसते हैं, उस वक्त भी उनका चेहरा हंस-हंसकर पीला पड़ जाता है। यही एक बड़ा कारण है, जिसके चलते ज्यादातर इमोजी का रंग पीला होता है। पीला रंग हंसी-मजाक और खुशी का प्रतीक होता है। पीले रंग में इमोशन्स काफी अच्छे से व्यक्त होते हैं।