Reliance Jio को उत्तर प्रदेश के इस सर्कल से हुई बंपर कमाई, एयरटेल और वोडाफोन को छोड़ा बहुत पीछे

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण यानी ट्राई (TRAI) ने सभी टेलीकॉम कंपनियों की कमाई को लेकर रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, जियो की 2019-20 में जुलाई-सितंबर तिमाही में उत्तर प्रदेश के पश्चिम सर्कल से 733.41 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। वहीं, दूसरी तरफ इस तिमाही में वोडाफोन-आइडिया ने 729.07 करोड़ रुपये और एयरटेल ने 462.44 करोड़ रुपये की कमाई की है।
जियो ने इस तिमाही में 590.01 करोड़ रुपये के एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) और 51.4 फीसदी रेवेन्यू मार्केट शेयर के साथ अपनी पकड़ बनाई है। रिलायंस जियो का रेवेन्यू वोडा-आइडिया और एयरटेल की तुलना में बहुत ज्यादा है। आपको बता दें कि एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया का रेवेन्यू क्रमश: 286.15 और 215.11 करोड़ है। वहीं, एयरटेल का 24.9 फीसदी और वोडाफोन-आइडिया का 18.7 फीसदी मार्केट शेयर है।
इसे भी पढ़ें : Vivo V17 भारत में जल्द होगा लॉन्च, मिलेगा क्वाड कैमरा सेटअप और दमदार प्रोसेसर का सपोर्ट
ट्राई का कहना है कि रिलायंस जियो इस समय कमाई के मामले में अन्य कंपनियों के मुकाबले पहले स्थान पर कब्जा जमाया हुआ है। कंपनी ने अपने सस्ते प्लान, नेटवर्क कवरेज और कम कीमत वाले जियोफोन के दम पर उत्तर प्रदेश के पश्चिम सर्कल में सबसे ज्यादा उपभोक्ताओं को जोड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर में इस सर्कल के करीब तीन लाख नए यूजर्स जियो के साथ जुड़ें हैं।
बता दें कि रिलायंस जियो ने देशभर में करीब 69.8 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को जोड़ा है। इस दौरान 49 लाख उपभोक्ताओं ने एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया का साथ छोड़ा था।