सरकार की जानकारी में 500 लोगों पर हुआ साइबर अटैक: गूगल

व्हाट्सएप हैकिंग का मामला अभी शांत ही नहीं हुआ कि भारत के 500 लोगों पर साइबर अटैक की खबर है। गूगल ने दावा किया है कि भारत में करीब 500 लोगों पर साइबर अटैक हुआ है और गौर करने वाली बात यह है कि यह साइबर हमला सरकार की जानकारी में हुआ है। गूगल ने अपने एक बयान में कहा है कि साल 2019 में जुलाई से अगस्त के बीच करीब 500 लोगों पर सरकार समर्थित साइबर हमला हुआ है।
गूगल ने यह भी कहा है कि इसी तरह का हमला भारत के अलावा 149 देशों में भी हुआ है। दूसरे शब्दों में कहें तो सरकार के इशारे पर 149 देशों के 12 हजार से अधिक लोगों पर साइबर अटैक हुआ है, हालांकि गूगल ने इस बात की जानकारी नहीं दी है कि इस साइबर हमले में नुकसान हुआ है या नहीं।
ये भी पढ़ेंः WhatsApp ने कबूला, भारत के 121 लोगों को बनाया गया शिकार, 20 के फोन में घुसे हैकर्स
गूगल ने इसकी जानकारी देते हुए अपने ब्लॉग में कहा है कि जैसे ही हमें पता चलता है कि किसी यूजर पर सरकार के इशारे पर साइबर अटैक होने वाला है तो हम यूजर्स को इसकी चेतावनी देते हैं। बता दें कि इससे पहले भी साल 2018-19 में भी ऐसा हो चुका है।
गौरतलब है कि हाल ही में पिगागस सॉफ्टवेयर के जरिए भारत के करीब 121 लोगों के व्हाट्सएप अकाउंट हैक हुए थे जिसके बाद पीड़ित लोगों ने सरकार को पत्र लिखकर जवाब भी मांगा था। वहीं हैकिंग को लेकर व्हाट्सएप ने सरकार से वादा किया कि भविष्य में इस तरह की कोई घटना नहीं होगी।