Wimbledon 2019: 11वीं बार फाइनल में पहुंचीं सेरेना विलियम्स, सिमोना से होगी खिताबी भिड़ंत
-विलियम्स ने सेमीफाइनल में स्ट्राईकोवा तो सिमोना ने स्वितोलिना को हराया
-11वीं बार सेरेना तो हालेप पहली बार विंबलडन के फाइनल में पहुंचीं
-98वीं जीत है यह सेरेना की ऑल इंग्लैंड में। वह यहां जीत के शतक से दो कदम दूर हैं -13वीं बार लगातार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचीं सेरेना
-37 वर्षीय सेरेना ग्र्रैंड स्लैम के खिताबी मुकाबले में पहुंचने वाली ओपन ईरा की सबसे उम्रदराज महिला खिलाड़ी हैं
विस्तार
सिमोना हालेप ने अपना स्वप्निल सफर जारी रखते हुए पहली बार विंबलडन के फाइनल में प्रवेश कर लिया। सातवीं वरीय हालेप ने सेमीफाइनल में यूक्रेन की इलिना स्वितोलिना को एक घंटे तक चले मुकाबले में 6-1,6-3 से शिकस्त दी।
फ्रेंच ओपन 2018 की चैंपियन हालेप पांचवीं बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचीं। ऑल इंग्लैंड के फाइनल में जगह बनाने वाली पहली रोमानियाई खिलाड़ी बनी हालेप खिताब के लिए शनिवार को सात बार की चैंपियन 37 वर्षीय सेरेना विलियम्स से टकराएंगी। दिग्गज अमेरिकी खिलाड़ी सेरेना ने चेक गणराज्य की बरबोरा स्ट्राईकोवा को 6-1, 6-2 से पराजित कर 11वीं बार फाइनल में प्रवेश किया।
मारग्रेट के 24 ग्रैंड स्लैम खिताब से एक जीत दूर
सेरेना दिग्गज मारग्रेट कोर्ट के सर्वाधिक 24 ग्रैंड स्लैम जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी से एक जीत दूर हैं। वहीं बेटी के जन्म के बाद अपने पहले मेजर खिताब से भी वह एक जीत दूर हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2017 के बाद से कोई ग्रैंड स्लैम खिताब नहीं जीता है। विंबलडन में सेरेना को तीन साल से ट्रॉफी का इंतजार है। वह 2016 में यहां चैंपियन बनीं थीं।
चैंपियन मॉम के क्लब में शामिल होने से एक कदम दूर
सेरेना अगर शनिवार को खिताब जीत जाती हैं तो वह मां बनने के बाद ग्रैंड स्लैम जीतने वाली चौथी महिला खिलाड़ी होंगी। वहीं पिछले 39 वर्षों में विंबलडन ट्रॉफी जीतने वालीं दूसरी मॉम होंगी। उनसे पहले इवोने ही यह उपलब्धि हासिल कर पाईं हैं।
मारग्रेट कोर्ट : सबसे पहले यह उपलब्धि मारग्रेट कोर्ट ने हासिल की थी। 1972 में मां बनाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने 1973 में ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन जीतकर इतिहास रच दिया।
इवोने गुलागोंग : ऑस्ट्रेलिया की ही इवोने गुलागोंग ने 1977 में बेटी को जन्म देने के सात महीने बाद ही ऑस्ट्रेलियन ओपन की ट्रॉफी जीत ली। उन्होंने 1980 में विंबलडन जीता और वह ओपन ईरा यह ट्रॉफी जीतने वाली एकमात्र मॉम हैं। सेरेना ऐसा करने वाली दूसरी खिलाड़ी होंगी।
किम क्लिस्टर्स : बेल्जियम की क्लिस्टर्स ने 2007 में टेनिस से संन्यास ले लिया था। उन्होंने 2008 में बेटी को जन्म देने के बाद फिर कोर्ट पर वापसी की और तीन ग्रैंड स्लैम खिताब (यूएस ओपन 2009, 2010 और ऑस्ट्रेलियन ओपन 2011) जीते।