ऑस्ट्रेलियन ओपनः प्लिस्कोवा से हारकर सेरेना का सफर थमा, जोकोविच सातवीं बार सेमीफाइनल में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुपर मॉम सेरेना विलियम्स का मारग्रेट कोर्ट के सर्वाधिक 24 ग्रैंड स्लैम खिताब के रिकॉर्ड की बराबरी का इंतजार और बढ़ गया। मेलबर्न में रिकॉर्ड सात बार की चैंपियन अमेरिकी दिग्गज खिलाड़ी सेरेना को ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में कैरोलिन प्लिस्कोवा के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा।
चौथे दौर में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी सिमोना हालेप को बाहर का रास्ता दिखाने वाली 37 वर्षीय सेरेना को चेक गणराज्य की सातवीं वरीय प्लिसकोवा के हाथों संघर्षपूर्ण मुकाबले में 4-6, 6-4, 5-7 से हार मिली। सेरेना को तीसरे और निर्णायक सेट में चार मैच प्वाइंट मिले लेकिन प्लिसकोवा ने उन सभी को बचाकर आखिर में सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया।
मेलबर्न में पहली बार और कुल तीसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम के अंतिम चार में पहुंची प्लिसकोवा का सामना अब जापान की नाओमी ओसाका से होगा। ओसाका ने चोटिल इलिना स्वितोलिना को 6-4, 6-1 से हराया। ओसाका 1994 में किमिको डेट के बाद ऑस्ट्रेलियाई ओपन के अंतिम चार में पहुंचने वाली पहली जापानी खिलाड़ी बनी। वह यूएस ओपन के बाद लगातार दूसरे ग्रैंड स्लैम के अंतिम चार में पहुंची हैं।
जोकोविच सातवीं बार सेमीफाइनल में
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच बिना मशक्कत किए ही सातवीं बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच गए। छह बार के चैंपियन जोकोविच के प्रतिद्वंद्वी केई निशिकोरी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण दूसरे सेट में ही हट गए। इस जापानी खिलाड़ी ने जब हटने का फैसला किया तब जोकोविच 6-1, 4-1 से आगे थे।
यह ग्रैंड स्लैम में पांचवां और कुल 21वां मौका है जब निशिकोरी किसी मुकाबले से हटे। रिकॉर्ड सातवें खिताब की कवायद में लगे सर्बियाई खिलाड़ी जोकोविच की भिड़ंत अब फ्रांस के लुकास पोउली से होगी, जिन्होंने कनाडा के मिलोस राओनिक को 7-6 (7/4), 6-3, 6-7 (2/7), 6-4 से हराया।पोउली पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
हालेप की नंबर एक कुर्सी जानी तय
पेत्रा क्वितोवा के एश्लघे बार्टी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने के साथ ही तय हो गया कि सिमोना हालेप नंबर एक की रैंकिंग गंवा देंगी। हालेप 48 हफ्तों तक दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी रही। क्वितोवा ने हालेप के अंकों की संख्या को पीछे छोड़ दिया। ओसाका और प्लिसकोवा के पास भी अगले हफ्ते जारी होने वाली रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंचने का मौका है। हालेप ने कहा कि मुख्य लक्ष्य प्रत्येक मैच में जितना संभव हो उतना अच्छा खेलना है, जिस मैच में खेलू तो प्रत्येक मैच को जीतना, इसलिए रैंकिंग असल में मायने नहीं रखती।
‘मैंने इन मैच प्वाइंट पर कुछ भी गलत नहीं किया। मैं आक्रामक होकर ही खेल रही थी। उसने सही शॉट लगाए।’ -सेरेना विलियम्स
-24वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतकर मारग्रेट कोर्ट के रिकॉर्ड की बराबरी का सेरेना का इंतजार बढ़ा
-02 साल से सेरेना ने कोई ग्रैंड स्लैम नहीं जीता है। आखिरी बार 2017 में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता था