फेडरर ने विंबलडन में दर्ज की अपनी 100वीं जीत, 11 साल बाद ऑल इंग्लैंड में होगी नडाल से भिड़ंत
-निशिकोरी को हराकर 100वीं जीत के साथ 13वीं बार पहुंचे सेमीफाइनल में
-11 साल बाद ऑल इंग्लैंड में रोजर टकराएंगे नदाल से
-40वीं भिड़ंत होगी यह फेडरर और नडाल की। इससे पहले खेले गए 39 मुकाबलों में से फेडरर ने 15 और नडाल ने 24 जीते हैं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आठ बार के चैंपियन रोजर फेडरर बुधवार को विंबलडन में 100वीं जीत दर्ज करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए। स्विस स्टार फेडरर ने जापान के केई निशिकोरी को 4-6, 6-1,6-4, 6-4 से मात देकर 13वीं बार ऑल इंग्लैंड के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। फेडरर की यह निशिकोरी पर 11 मैचों में आठवीं जीत है।
अब फेडरर का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी राफेल नडाल से होगा। नडाल ने अमेरिका के सैम क्वेरी को 7-5,6-2,6-2 से शिकस्त देकर बार सातवीं बार अंतिम चार में जगह बनाई। फेडरर और नदाल 11 साल बाद यहां आमने-सामने होंगे। इससे पहले यह दोनों 2008 के फाइनल में भिड़े थे जहां नडाल ने पांच सेट के मुकाबले में फेडरर को हराकर अपना पहला विंबलडन जीता था।
28 साल में सबसे उम्रदराज
37 वर्षीय फेडरर पिछले 28 वर्षों में विंबलडन का क्वार्टर फाइनल खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। उनसे पहले अमेरिका के दिग्गज जिमी कोनर्स ने 1991 में 39 वर्ष में यह उपलब्धि हासिल की थी।
जोकोविच के सामने होंगे बतिस्ता
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच पांचवें विंबलडन खिताब से दो कदम दूर रह गए हैं। गत चैंपियन जोकोविच ने डेविड गॉफिन को 6-4, 6-0, 6-2 से शिकस्त देकर नौवीं बार ऑल इंग्लैंड और 35वीं बार ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। जोकोविच की यह गॉफिन पर सात मैचों में छठी जीत है। अब जोकोविच का सामना स्पेन के रॉबर्टो बतिस्ता से होगा। बतिस्ता अर्जेंटीना के गुइडो पेला को चार सेट के मुकाबले में 7-5, 6-4, 3-6,6-3 से पराजित कर पहली बार अंतिम चार में पहुंचे।
70वीं जीत : जोकोविच की यह विंबलडन में 80 मुकाबलों में 70वीं जीत है। वह ग्रास कोर्ट ग्रैंड स्लैम पर यह उपलब्धि करने वाले ओपन ईरा के चौथे खिलाड़ी हैं। उनके अलावा रोजर फेडरर (100 जीत), जिमी कोनर्स (84 जीत) और बोरिस बेकर (71) ही ऐसा कर पाए हैं।