फ्रेंच ओपन में नहीं खेलेंगे फेडरर, वजह बना घुटने की सर्जरी
- स्विट्जरलैंड में फेडरर ने कराई ऑर्थोस्कोपिक सर्जरी
- 24 मई से सात जून तक चलेगा फ्रेंच ओपन
- फेडरर ने ट्वीट कर दिया फ्रेंच ओपन में नहीं खेलने का मैसेज
विस्तार
स्विट्जरलैंड के स्टार खिलाड़ी रोजर फेडरर ने लंबे समय से चली आ रही घुटने की समस्या को दूर करने के लिए सर्जरी कराई है और गुरुवार को उन्होंने कहा कि वह फ्रेंच ओपन सहित कई टूर्नामेंट में भाग नहीं ले पाएंगे।
20 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि उन्होंने बुधवार को स्विट्जरलैंड में सर्जरी कराई और वह 24 मई से सात जून तक चलने वाले फ्रेंच ओपन सहित कई टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगे।
स्विस दिग्गज स्टार ने अपने ट्वीट में लिखा, 'पिछले कुछ समय से मेरा दाहिना घुटना मेरी चिंताएं बढ़ा रहा था। मुझे उम्मीद है कि यह सही हो जाएगा, लेकिन कुछ जांच और अपनी टीम से बातचीत के बाद मैंने कल (बुधवार) स्विट्जरलैंड में ऑर्थोस्कोपिक सर्जरी का कराने का निर्णय लिया। इस प्रक्रिया के बाद डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन सही चीज थी, जो की जानी थी और डॉक्टरों को बहुत विश्वास है कि यह पूरी तरह सही हो जाएगा। परिणामस्वरूप, मैं दुबई, इंडियन वेल्स, बोगोटा, मियामी और फ्रेंच ओपन में भाग नहीं ले पाऊंगा। मैं हर किसी के समर्थन के लिए आभारी हूं। मैं दोबारा खेलने के लिए बेकरार हूं, जल्दी ही घास (मैदान) पर मिलूंगा।'
— Roger Federer (@rogerfederer) February 20, 2020