भीषण गर्मी से खिलाड़ी परेशान, फेडरर और मरे दूसरे दौर में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पांच बार के चैंपियन स्विट्जरलैंड के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर और 2012 के विजेता ब्रिटेन के एंडी मरे शानदार जीत के साथ वर्ष के चौथे और अंतिम ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन के दूसरे दौर में प्रवेश कर गए।
दूसरी वरीयता प्राप्त फेडरर ने पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर के मुकाबले में विश्व के 34वीं वरीयता प्राप्त अर्जेंटीना के लेओनार्डो मायेर को 6-1, 6-2, 6-2 से पराजित कर दूसरे दौर में जगह बनाई। यह मुकाबला 77 मिनट तक चला।
पिछले 45 साल में यूएस ओपन में सबसे उम्रदराज चैंपियन बनने की कोशिश में जुटे 34 वर्षीय फेडरर ने 12 ऐस और 29 विनर लगाए। अगले दौर में 17 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन फेडरर का सामना बेल्जियम के स्टीव डारर्किस से होगा जिसे साइप्रस के अनुभवी मार्कस बघदातिस के रिटायर्ड हर्ट होने से अगले दौर में प्रवेश मिला।
तीसरी वरीयता प्राप्त मरे ने पहले दौर में ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस 7-5, 6-3, 4-6, 6-1 से शिकस्त दी। अगले दौर में मरे का सामना फ्रांस के एड्रियान मानारिनो से होगा। पांचवीं वरीयता प्राप्त स्टिवट्जरलैंड के स्टानिसलास वावरिंका ने स्पेन के अल्बर्ट रामोस विनोलेस को 7-5, 6-4, 7-6 से पराजित कर दूसरे दौर में जगह बनाई। अगले दौर में वावरिंका का सामना दक्षिण कोरिया के युवा चुंग हेयोन से होगा।
जापान के 19 वर्षीय योशिहितो निशिओका ने फ्रांसीसी क्वालीफायर पॉल हेनरी मैथ्यू को 6-4, 2-6, 6-7, 6-1, 6-2 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
भीषण गर्मी और 10 खिलाड़ियों ने मुकाबला बीच में ही छोड़ा
विश्व की चौथी वरीयता प्राप्त चेक गणराज्य की स्टार महिला खिलाड़ी लूसी साफरोवा को महिला एकल के दौर में हार का सामना करना पड़ा है। छठी सीड साफरोवा को यूक्रेन की लेसिया सूरेंको ने 6-4, 6-1 से पराजित किया।
विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त सिमोना हालेप भी दूसरे दौर में पहुंच गई हैं। सिमोना की प्रतिद्वंद्वी न्यूजीलैंड की मारिना इराकोविक घुटने की चोट की वजह से मैच बीच में ही छोड़कर रिटायर्ड हर्ट होकर कोर्ट से बाहर चली गईं। जिस समय मारिना रिटायर्ड हर्ट हुईं उस समय हालेप पहला सेट 6-2 से जीत चुकी थीं जबकि दूसरे सेट में वह 3-0 से आगे थीं।
वर्ष के चौथे और अंतिम ग्रैंड स्लैम को शुरू हुए अभी दो दिन ही हुए हैं कि भीषण गर्मी और उमस ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गर्मी, उमस और चोट की वजह से रिकॉर्ड 10 खिलाड़ियों को मुकाबला बीच में ही छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।
ये सभी खिलाड़ी पहले दौर के मुकाबले के लिए कोर्ट पर उतरे थे लेकिन फ्लशिंग मिडोज पर 31 डिग्री सेल्सियस तापमान और उमस की वजह से उन्हें बीच में ही मुकाबला छोड़कर जाना पड़ा।
मंगलवार को साइप्रस के मार्कस बघदातिस, ऑस्ट्रेलिया के थानासी कोक्किनाकीस, अर्नेस्ट गुल्बिस और कजाकिस्तान के अलेक्जेंडर नेडोवयेसोव उन छह खिलाड़ियों में शामिल हो गए जिन्हें सोमवार को रिटायर्ड हर्ट होकर कोर्ट से बाहर जाना पड़ा था।