हारते-हारते बची सेरेना, अब बड़ी बहन से होगा मुकाबला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महिलाओं में टॉप सीड अमेरिका की सेरेना विलियम्स, 2004 की चैंपियन रूसी ग्लैमर गर्ल मारिया शारापोवा, चेक गणराज्य की लुसी साफारोवा, बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका कड़े संघर्ष के बाद प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पहुंच गए है।
वहीं, पुरुषों में मौजूदा चैंपियन सर्बियाई स्टार नोवाक जोकोविच, फ्रेंच ओपन विजेता स्विट्जरलैंड के स्टेनिसलास वावरिंका, फ्रांस के रिचर्ड गास्केट और बेल्जियम के डेविड गोफिन साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम विंबलडन के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। जबकि ऑस्ट्रेलियाई बाला सामंथा स्तोसुर और कनाडा के मिलोस राओनिक को उलटफेर का शिकार होना पड़ा।
टॉप सीड सेरेना विलियम्स ने ब्रिटेन की हीदर वाटसन को 6-2, 4-6, 7-5 से हराकर चौथे राउंड में जगह बनाई, जहां सेरेना का मुकाबला बड़ी बहन 16वीं सीड वीनस विलियम्स से होगी, जिन्होंने सर्बिया की एलेक्सांद्रा करुनिक को 6-3, 6-2 से हराया।
ऑल इंग्लैंड क्लब में एक घंटा 23 मिनट तक चले तीसरे राउंड के मुकाबले में चौथी सीड शारापोवा ने 29वीं सीड रोमानिया की इरिना कैमिला बेगु पर 6-4, 6-3 से जीत दर्ज करने में कोई गलती नहीं की। छठी सीड साफारोवा ने अमेरिका की स्लोआने स्टीफेंस को 3-6, 6-3, 6-1 से शिकस्त दी।
23वीं सीड अजारेंका ने फ्रांस की क्रिस्टिना मलादेनोविच को 6-4, 6-4 से हराया। 22वीं सीड स्तोसुर को अमेरिका की गैरवरीय कोको वानदेवेघ ने 6-2, 6-0 से चौंकाया जबकि 30वीं सीड स्विट्जरलैंड की बेलिंदा बेनसिक ने अमेरिका की बेथानी माटेक सैंड्स को 7-5, 7-5 से हराया।
जोकोविच और वावरिंका भी बढ़े
पुरुषों में वर्ल्ड नंबर वन जोकोविच ने 27वें सीड ऑस्ट्रेलिया के बर्नाड टोमिक को 6-3, 6-3, 6-3 से हराया। वहीं, चौथे सीड वावरिंका ने स्पेन के फर्नांडो वर्दास्को को 6-4, 6-3, 6-4 से हराया। वावरिंका का अगला मुकाबला 16वें सीड गोफिन से होगा।
उन्होंने साइप्रस के मार्कोस बाघदातिस को 6-3, 6-4, 6-2 से हराया। दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन ने 24वें सीड अर्जेंटीना के लेयोनाद्रो मेयर को 6-4, 7-6, 6-3 से हराया। गास्केट ने बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव को 6-3, 6-4, 6-4 से चौंकाया जबकि राओनिक को 26वें सीड ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस ने 5-7, 7-5, 7-6, 6-3 से बाहर किया।
बोपन्ना-मेर्जिया, सानिया-हिंगिस आगे बढ़े
भारत के रोहन बोपन्ना और रोमानिया के फ्लोरिन मेर्जिया ने थॉमस बैलुची और गुइलेर्मो डुरान को हराकर पुरुष डबल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। बोपन्ना-मेर्जिया ने ब्राजीली-अर्जेंटीनी जोड़ी को 7-5, 7-6, 7-6 से बाहर का रास्ता दिखाया।
इस बीच सानिया मिर्जा और उनकी जोड़ीदार स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस ने महिला डबल्स में जापान की किमिको डाटे करुम और इटली की फ्रांसेस्क शियावोने को 6-0, 6-1 से शिकस्त दी।
जबकि मिक्स्ड डबल्स में महेश भूपति और अला कुद्रस्तोवा को अमेरिकी जोड़ी मुनेरो और ब्रेंगलो ने 5-7, 6-3, 6-2 से हराया।