फ्रेंच ओपन: नादिया सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली क्वालिफायर, रचा इतिहास
-पहली बार फ्रेंच में खेल रहीं पोडोरोस्का ने स्वितोलिना को किया बाहर
-8वीं लगातार जीत है यह पेरिस में नादिया की तीन क्वालिफायर मुकाबलों सहित
-3 महिला क्वालिफायर हैं किसी ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचने वालीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पहली बार लाल बजरी पर खेल रही अर्जेंटीना की 23 वर्षीय नादिया पोडोरोस्का ने फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में प्रवेश कर इसे यादगार बना दिया। दुनिया की 131वें नंबर की खिलाड़ी नादिया ने क्वार्टर फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त इलिना स्वितोलिना को एक घंटे 19 मिनट तक चले मुकाबले में 6-2,6-4 से शिकस्त दी। अपने दूसरे ग्रैंड स्लैम में खेल रही नादिया ओपन इरा (1968 के बाद) में रोलां गैरां के अंतिम चार में पहुंचने वाली पहली महिला क्वालिफायर हैं। यह तीसरा मौका है जब यूक्रेन की स्वितोलिना पेरिस में अंतिम आठ से आगे नहीं बढ़ पाईं।
फाइनल में जगह बनाने के लिए अब नादिया का सामना इगा स्वितेक और मार्टिना ट्रेविसन के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से होगा। अगर मार्टिना जीत जाती है तो ओपन ईरा में पहली बार ऐसा होगा जब खिताबी मुकाबले में कोई क्वालिफायर खिलाड़ी खेलेगा।
फिलिप के 23 साल बाद नादिया : हालांकि नादिया ऐसा करने वाली दूसरी खिलाड़ी हैं। उनसे 23 साल पहले पुरुष वर्ग में बेल्जियम के फिलिप ड्यूल्फ (1997 में) रोलां गैरां के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले पहले क्वालिफायर खिलाड़ी बने थे।
21 साल बाद : वहीं नादिया पिछले 21 साल में किसी ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली जबकि कुल तीसरी महिला क्वालिफायर हैं। उनसे पहले अमेरिका की एलेक्जेंड्रा स्टीवेंसन (1999 विंबलडन) और क्रिस्टीन डोरी (1978 ऑस्ट्रेलियन ओपन) ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
मेरे पास बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। मेरा समर्थन करने के लिए सभी का धन्यवाद। मैं बहुत-बहुत खुश हूं। मैंने क्वारंटीन के दौरान अपने कोच के साथ बहुत मेहनत की है। इसी का नतीजा है कि आज मैं यहां हूं। -नादिया पोडोरोस्का
बुस्ता फिर होंगे जोकोविच के सामने
दुनिया के 17वें नंबर के खिलाड़ी पाब्लो कारेनो बुस्ता क्वालिफायर डेनियल अलटमायेर को 6-2,7-5,6-2 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे। अब उनका सामना बुधवार को एक बार फिर नोवाक जोकोविच से होगा। पिछले महीने यूएस ओपन के चौथे दौर में बुस्ता का टक्कर जोकोविच से ही थी जब लाइन जज को गेंद मारने के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। महिला वर्ग में डेनिएल रोज कोलिंस ने ओंस जबेर को 6-4,4-6,6-4 से पराजित किया। अब उनका सामना यूएस ओपन चैंपियन सोफिया केनिन से होगा।
डिएगो ने किया थिएम को बाहर
अर्जेंटीना के ही डिएगो श्वार्टजमैन ने यूएस ओपन चैंपियन डोमिनिक थिएम को पांच सेट तक चले मुकाबले में 7-6,5-7,6-7,7-6,6-2 से बाहर का रास्ता दिखाकर रोलां गैरां ही नहीं किसी भी ग्रैंड स्लैम में पहली बार प्रवेश किया। डिएगो ने टूर्नामेंट में पहली बार कोई सेट गवांया और मुकाबला पांच सेट तक चला। उन्होंने पिछले चारों मुकाबले सीधे सेटों में जीते थे।