विश्व नंबर-1 सिमोना बनी फ्रेंच ओपन चैंपियन, पहली बार ग्रैंड स्लैम पर किया कब्जा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुनिया की नंबर एक महिला टेनिस खिलाड़ी रोमानिया की सिमोना हालेप ने शनिवार को फ्रेंच ओपन के महिला सिंगल्स फाइनल में विश्व नंबर-10 अमेरिका की स्लोएन स्टीफंस को 3-6, 6-4, 6-1 से हराकर पहली बार ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किया। एक सेट से पिछड़ने के बाद रोमानियाई खिलाड़ी ने शानदार वापसी की।
इससे पहले सिमोना तीन बार ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंची थी लेकिन खिताब उनसे दूर ही रहा था। 2014 और 2017 में वह रोलां गैरों में यहां उपविजेता रही थीं। इसके अलावा पिछले साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में भी पहुंची थीं। 26 वर्षीय खिलाड़ी हालांकि पहले सेट में लय हासिल नहीं कर सकी थीं। अमेरिकी स्टीफंस ने अच्छा खेल दिखाया।
पिछले साल रोलां गैरों में जेलेना ओस्तोपेंको के हाथों फाइनल में हारने वालीं सिमोना पहला सेट गंवाने के बाद दूसरे सेट में भी 0-2 से पिछड़ रही थीं। दसवीं वरीयता प्राप्त अमेरिकन ओपन चैंपियन स्लोन स्टीफंस उसके बाद गर्मी से काफी परेशान नजर आईं। सिमोना ने इसका फायदा उठाकर धीरे-धीरे पकड़ बनानी शुरू कर दी।
दूसरे सेट में जीत हासिल कर 1-1 से बराबरी की और निर्णायक सेट में महज पांच बेजा गलतियां करते हुए पहला ग्रैंड स्लैम खिताब आकर्षक अंदाज में जीत लिया। जीत के बाद सिमोना की खुशी का यह आलम था कि परिजनों और मित्रों के साथ उन्होंने जमकर खुशियां बांटी। ऐसा नजारा आमतौर पर विंबलडन में देखने को मिलता है।
जीत के बाद सिमोना हालेप ने कहा, 'अंतिम गेम में तो यह स्थिति थी कि मुझे लग रहा था कि मेरी सांस ही रुक जाएगी। यह खिताब जीतना मेरा सपना था। पेरिस में यह खिताब मेरे लिए काफी खास है।'
पहले सेट में रहा था स्टीफंस का दबदबा
दर्शकों से भी हालेप को काफी समर्थन मिल रहा था। पहले सेट में स्टीफंस ने बेसलाइन पर अच्छा खेल दिखाया और शुरुआत में ही ब्रेक हासिल कर लिया था। उन्होंने 4-1 की बढ़त बना ली। पच्चीस वर्षीय स्टीफंस एक साल पहले चोट के कारण रैंकिंग में 957 तक लुढ़क गई थीं लेकिन उसके बाद उन्होंने वापसी की। उनके फोरहैंड काफी दमदार थे।
स्लोन की सर्विस का भी पहले सेट में सिमोना के पास जवाब नहीं था। दूसरे सेट के पहले गेम में चौथा ब्रेक प्वाइंट लेकर स्टीफंस ने दूसरे सेट में भी अच्छी शुरुआत की थी लेकिन उसके बाद सिमोना ने वापसी करनी शुरू कर दी।