एमा जैसा कोई नहीं : ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाली पहली क्वालिफायर बनीं, जानिए मैच का पूरा हाल
एमा अपने दूसरे ही ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में विजेता बनने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं। क्रिस एवर्ट और वीनस विलियम्स अपने तीसरे ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचीं थी पर ट्रॉफी नहीं जीत पाईं थीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
करीब तीन महीने पहले नॉटिंघम में टूर लेवल पर पदार्पण करने वाली ब्रिटेन की 18 साल की एमा रादुकानू ने यूएस ओपन चैंपियन बनकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवा लिया। एमा टेनिस इतिहास में ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाली पहली क्वालिफायर खिलाड़ी बन गईं।
दुनिया की 150वें नंबर की खिलाड़ी 18 वर्षीय एमा कनाडा की 19 साल की लैला फर्नांडिज को एक घंटे 51 मिनट तक चले मुकाबले में 6-4, 6-3 से मात देकर विजेता बनीं।
खिताब जीतने के बाद एमा ने अपना रैकेट फेंका, पीठ के बल कोर्ट पर लेट गई और दोनों हाथों से अपना चेहरा ढक लिया। एना इससे पहले जुलाई में विंबलडन के चौथे दौर में पहुंची थी। तब सांस लेने में तकलीफ के कारण उन्हें मुकाबला बीच में छोड़ना पड़ा था। वह तब शीर्ष 300 खिलाड़ियों में भी शामिल नहीं थीं। एमा ने क्वालिफायर के बाद का विमान का टिकट बुक कराया था जिससे कि अगर वह मुख्य ड्रॉ में प्रवेश नहीं करती हैं तो वापस लौट सकें।
10 मुकाबलों में नहीं गंवाया कोई सेट
एमा ने फ्लशिंग मिडोज पर लगातार 10 मुकाबले जीते और कोई सेट नहीं गंवाया। उन्होंने क्वालिफायर में तीन और मुख्य ड्रॉ में सात मैच जीते। वह सेरेना विलियम्स (2014) के बाद पिछले सात वर्षों में पहली महिला खिलाड़ी हैं जो यहां बिना कोई सेट गंवाए चैंपियन बनीं। पिछले 22 वर्षों में पहली बार दो युवा खिलाड़ियों के बीच ग्रैंडस्लैम फाइनल खेला गया।
इससे पहले 1999 में यूएस ओपन में ही 17 साल की सेरेना 18 साल की मार्टिना हिंगिस को हराकर विजेता बनीं थी। यही नहीं ओपन युग (1968) पहली बार ग्रैंडस्लैम फाइनल दो गैरवरीय महिला खिलाड़ियों के बीच खेला गया।
वेड के 44 साल बाद एमा
एमा पिछले 44 वर्षों में कोई ग्रैंड स्लैम जीतने वाली पहली ब्रिटिश महिला खिलाड़ी हैं। उनसे पहले 1977 में वर्जीनिया वेड ने विवंबलडन ट्रॉफी जीती थी। वहीं एमा पिछले 53 साल में यूएस ओपन जीतने वाली अपने देश की पहली खिलाड़ी हैं।
इससे पहले वेड ने 1968 में यह उपलब्धि हासिल की थी। वेड इस युवा खिलाड़ी की हौसलाअफजाई के लिए आर्थर ऐश स्टेडियम में मौजूदी थी। एमा पिछले 17 वर्षों में ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाली सबसे युवा खिलाड़ी भी हैं। वर्ष 2004 में मारिया शारापोवा 17 साल की उम्र में विंबलडन चैंपियन बनी थी।
क्लिस्टर्स के 12 साल बाद
एमा पिछले 12 वर्षों में यहां खिताब जीतने वाली सबसे कम रैंकिंग की खिलाड़ी हैं। इससे पहले 2009 में बेल्जियम की किम क्लिस्टर्स दूसरी बार वापसी करते हुए चैंपियन बनीं थी तब वह बिना रैंकिंग की खिलाड़ी थीं। इस जीत से एमा सोमवार को जारी होने वाली ताजा रैंकिंग में लंबी छलांग लगाकर 23वें स्थान पर पहुंच जाएंगी और ब्रिटेन की नंबर एक खिलाड़ी बन जाएंगी। कनाडा में जन्मीं एमा के पिता रोमानिया और मां चीन की हैं।
दूसरे सेट में घायल हुईं एमा
एमा ने दूसरे सेट के छठे गेम में फर्नांडिज की सर्विस तोड़कर 4-2 की बढ़त बनाई और फिर अपनी सर्विस बचाकर स्कोर 5-2 किया। उन्हें अगले गेम में दो बार चैंपियनशिप प्वाइंट मिले लेकिन उन्होंने दोनों बार नेट पर शॉट मारकर मौका गंवा दिया। एमा अगले गेम में 5-3 के स्कोर पर सर्विस करते हुए गेंद लौटाने की कोशिश में कोर्ट पर गिर गई और उनके घुटने से खून निकलने लगा जिसके बाद ट्रेनर ने उनके घाव पर पट्टी बांधी। चार मिनट के विलंब के बाद खेल दोबारा शुरू होने पर एमा ने दो ब्रेक प्वाइंट बचाए और फिर 108 मील प्रति घंटे की रफ्तार के ऐस के साथ खिताब अपने नाम किया।
महारानी ने दी बधाई
यूएस ओपन की ट्रॉफी जीतकर टेनिस में सबसे बड़े उलटफेर में से एक करने वाली एमा ने इस साल की शुरुआत में यह सोचा भी नहीं होगा कि उन्हें महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का बधाई संदेश मिलेगा।
उन्होेंने कहा,‘इतनी कम उम्र में यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है और यह आपकी कड़ी मेहनत व प्रतिबद्धता का प्रमाण है।’ कैम्ब्रिज के ड्यूक (राजा) और डचेज (रानी) ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर से उन्हें बधाई दी।
उन्होंने लिखा,‘शानदार, हम सब को आप पर गर्व है।’ उनके चैंपियन बनने से ब्रिटेन को खेल की दुनिया में एक नया सितारा मिल गया। ब्रिटेन में इस मैच का प्रसारण ‘फ्री टू एअर (मुफ्त में)’ हो रहा था। शनिवार की शाम को बड़ी संख्या में लोगों ने इसका लुत्फ उठाया। मैच को देखने वालों में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन भी शामिल थे।
‘क्या शानदार मैच है। एमा को बहुत-बहुत बधाई। आपने असाधारण कौशल, समझदारी और जज्बे का प्रदर्शन किया। हम सभी को आप पर बहुत गर्व है।’ -बोरिस जॉनसन, ब्रिटिश प्रधानमंत्री
‘वह और अधिक ऐसी (ग्रैंडस्लैम) जीत दर्ज करेंगी। वह शानदार है। यह किसी तुक्के की तरह नहीं है। वह शीर्ष में शामिल खिलाड़ियों की तरह टेनिस खेल रही हैं। उनके आस-पास अच्छे लोग हैं और अगर वह चोटों से बची रही तो उनका कॅरिअर शानदार होगा।’-टिम हैनमैन, पूर्व ब्रिटिश खिलाड़ी
न्यूयॉर्क के जज्बे से मिली मजबूती
फर्नांडिज ने 9/11 आतंकवादी हमलों की 20वीं बरसी पर कहा कि न्यूयॉर्क के जज्बे से उन्हें मजबूती मिली है। उन्होंने दो सप्ताह के दौरान लोगों से मिले समर्थन पर आभार जताते हुए अमेरिका पर 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकवादी हमले की बरसी पर कहा कि न्यूयॉर्क की ताकत ने उन्हें और मजबूत बना दिया है।
उन्होंने कहा,‘मुझे पता है कि यह दिन न्यूयॉर्क और अमेरिका के सभी लोगों के लिए काफी मुश्किल है। मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि मुझे उम्मीद है कि मैं उतनी ही मजबूती और लचीलापन बनाए रखूं, जितना कि न्यूयॉर्क पिछले 20 वर्षों में रहा है। बस उनका (न्यूयॉर्क के लोगों) यहां होना, खुश और जीवंत रहने के साथ इस मुश्किल समय में मजबूती से मेरा साथ देना शानदार रहा। इसने मुझे और मजबूत बनाया।’
यूएस ओपन के पदार्पण वर्ष में खिताब जीतने वाली दूसरी खिलाड़ी
रादुकानु यूएस ओपन के पदार्पण वर्ष में खिताब जीतने वाली दूसरी खिलाड़ी हैं। इससे पहले बियांका आंद्रेस्कयू ने 2019 में ऐसा किया था। जबकि पहले वर्ष में फाइनल तक पहुंचने वालीं चौथी खिलाड़ी हैं। इससे पहले रादुकानु और बियांका के अलावा पाम श्राइवर (1978), वीनस विलियम्स (1997) ने ऐसा किया है।
150 : वीं रैंकिंग थी रादुकानु की यूएस ओपन से पहले, पिछले 45 वर्षों में वह किम क्लिस्टर्स (2009) के बाद 100 से ऊपर की रैंकिंग की केवल दूसरी खिलाड़ी हैं जिन्होंने वर्ष का यह अंतिम ग्रैंडस्लैम जीता
मां हैं चीन की और पिता रोमानियाई, खुद कनाडा में जन्मीं
ब्रिटेन की 18 साल की एमा रादुकानु टोरंटो में पैदा हुईं हैं। उनकी मां रिनी चीन से हैं और पिता इयान रोमानियाई हैं। दोनों फाइनेंस से जुड़े क्षेत्र में काम करते हैं। जब एमा दो वर्ष की थीं तो परिवार कनाडा से ब्रिटेन आ गया और दक्षिण पूर्व लंदन के ब्रोम्बले में रहने लगा। मां ने बेले सिखाने पर जोर दिया लेकिन पिता खेल में ले आए। उन्होंने 10 साल की उम्र में ब्रोम्बले टेनिस सेंटर में जब ट्रेनिंग शुरू की थी तब ग्रुप में एकमात्र लड़की थी।
अभी तो ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं बना
टेनिस के अलावा गोल्फ, मोटरस्पोर्ट्स, गो कार्टिंग, घुड़सवारी भी सीखी है। मोटरस्पोर्ट्स से बड़ा प्यार है। अठारह साल की एमा का कहना है कि अब उन्हें मोटरबाइक का लाइसेंस लेना है। बचपन में छोटी मोटरबाइक काफी चलाई है।
पढ़ाई में भी हैं अव्वल
एमा ने ग्रेटर लंदन के न्यूस्टीड स्कूल से शिक्षा ली है। गणित में उनके ए + नंबर आते रहे हैं जबकि अर्थशास्त्र में भी वह काफी निपुण हैं। ब्रोम्बले टेनिस सेंटर जहां उन्होंने छह साल ट्रेनिंग की है, वह उनके स्कूल के पास है। वह स्कूल से पहले और बाद में वहां अभ्यास करती थीं। कई बार दो अभ्यास सत्रों के बीच वह अपना स्कूल से दिया हुआ होमवर्क निपटा रही होती थीं।