कोरी पिछले 28 साल में अंतिम-16 में पहुंचने वालीं सबसे युवा खिलाड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिकी की 15 वर्षीय सनसनी गर्ल कोरी गौफ पिछले 28 वर्षों में विंबलडन के चौथे दौर में पहुंचने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गई। कोरी ने तीसरे दौर में पोलोना हरकोग के खिलाफ पहला सेट हारने के बाद 3-6,7-6,7-5 से जीत दर्ज कर अंतिम 16 में जगह बनाई।
वह हमवतन जेनिफर कैप्रियाती (1991) के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वालीं सबसे युवा खिलाड़ी हैं। अब कोरी को सामना दिग्गज सिमोना हालेप से होगा, जिन्होंने विक्टोरिया अजारेंका को 6-3,6-1 से मात दी। गैरवरीय खिलाड़ी झांग शुआई ने कैरोलिना वोज्नियाकी को 6-4, 6-4 से हराकर पहली बार चौथे दौर में जगह बनाई।
कैरोलिना प्लिस्कोवा ने एच वेई को 6-3, 2-6, 6-4 से, इलिना स्वितोलिना ने मारिया सकारी को 6-3,6-7, 6-2 से, कैरोलिना मुचोवा ने एनेट कोंटेवित को 7-6,6-3 से और दयाना ने विक्टोरिया गोलूबिक को 7-5, 6-3 से पराजित किया।
जोकोविच 12वीं बार प्री क्वार्टर में
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने ह्यूबर्ट हर्कज को 7-5, 6-7, 6-1, 6-4 से मात देकर 12वीं बार ऑल इंग्लैंड के चौथे दौर में जगह बनाई। मिलोस राओनिक ने रेली ओपेलका को 7-6, 6-2,6-1 से, गुइडो पेला ने केविन एंडरसन को 6-4,6-3,7-6 से, रॉबेर्टो बतिस्ता ने कारेन खाचानोव को 6-3,7-6, 6-1 से, बेनोट पियरे ने जिरी वेस्ली को 5-7,7-6,6-3,7-6 से और डेविड गोफिन ने डेनिल मेदवेदेव को 4-6,6-2,3-6, 6-3, 7-5 से हराया।
शरण-डेमोलाइनर की जोड़ी तीसरे दौर में
पुरुष युगल में एकमात्र भारतीय चुनौती बचे दिविज शरण ने अपना विजय अभियान जारी रखा है। शरण और मार्सेलो डेमोलाइनर की जोड़ी बेल्जियम के जोरान वेलीगेन और सैंडर को 7-6, 5-7, 7-6, 6-4 से हराकर तीसरे दौर में पहुंची।
पेस की चुनौती खत्म : पुरुष युगल के पहले दौर में हारने वाले दिग्गज लिएंडर पेस मिश्रित युगल में भी शुरुआती दौर में हारकर बाहर हो गए। पेस और समांथा स्टोसुर की जोड़ी को ईडन सिल्वा और इवान हयोट से 4-6, 6-2, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा।
नडाल ने किर्गियोस को हराया, सेरेना भी तीसरे दौर में
स्पेनिश खिलाड़ी राफेल नडाल ने विंबलडन टेनिस ग्रैंडस्लैम के दूसरे दौर के मैच में निक किर्गियोस को शिकस्त दी जबकि महिला वर्ग में सात बार की चैंपियन अमेरिका की सेरेना विलियम्स अगले दौर में पहुंची। 33 साल के नडाल ने चार सेट तक चले मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी किर्गियोस पर 6-3, 3-6, 7-6, 7-6 से जीत हासिल की। इस दौरान किर्गियोस को खेल भावना के विपरित व्यवहार करने और अंपायर से बहस के लिए चेतावनी भी दी गई।
स्पेन के दिग्गज और 18 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके नडाल की यह विंबलडन में 50वीं जीत थी। अंतिम-16 में पहुंचने के लिए उन्हें फ्रांस के जो विल्फ्रेंड सोंगा की चुनौती से पार पाना होगा। नौंवी वरीयता प्राप्त जान इस्नर को तीन घंटे से ज्यादा समय तक चले मुकाबले में कजाखस्तान के गैर वरीय मिखैल कुकुशिन ने 6-4, 6-7, 4-6, 6-1, 6-4 से शिकस्त दी।
महिला वर्ग में सेरेना ने पहले सेट में पिछड़ने के बाद 18 साल की स्लोवेनियाई क्वॉलिफायर काजा जुवान को 2-6, 6-2, 6-4 से शिकस्त दी। गत चैंपियन एंजेलिक कर्बर को तीन सेट तक चले मुकाबले में लौरेन डेविस से 2-6, 6-2, 6-1 से हार का सामना करना पड़ा।