फेडरर और जोकोविच जीते, सेरेना सिनसिनाती से हटीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच ने मंगलवार को डब्ल्यूटीए-एटीपी सिनसिनाती ओपन टेनिस टूर्नामेंट में आसान जीत दर्ज की, लेकिन पीठ में तकलीफ के कारण सेरेना विलियम्स प्रतियोगिता से हट गईं। रविवार को पीठ में तकलीफ के कारण सेरेना टोरंटो में डब्लयूटीए फाइनल से चार गेम में बाद ही हट गईं थी।
उन्हें यहां वापसी की उम्मीद थी, लेकिन 23 बार की ग्रैंडस्लैम विजेता को पीठ में तकलीफ के कारण सिनसिनाती टूर्नामेंट से भी हटना पड़ा। जिससे 26 अगस्त से फ्लशिंग मिडोज में शुरू हो रहे अमेरिकी ओपन में उनके हिस्सा लेने पर भी सवालिया निशान लग गया है।
फेडरर ने 2-2 के स्कोर पर एक घंटे के बारिश के खलल के बाद अर्जेन्टीना के युआन इग्नेसियो लोंडेरो को 6-3, 6-4 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई।गत चैंपियन जोकोविच ने खराब शुरुआत के बावजूद अमेरिका के सैम क्वेरी को 7-5, 6-1 से शिकस्त दी।
स्टेन वावरिंका ने एक अन्य मुकाबले में 2017 के चैंपियन ग्रिगोर दिमित्रोव को 5-7, 6-4, 7-6 से हराया। महिला एकल में वीनस विलियम्स ने गत चैंपियन किकी बर्टन्स को 6-3, 3-6, 7-6 से हराकर बाहर किया।
स्टोसुर और कोको को यूएस ओपन के लिए वाइल्ड कार्ड
पूर्व चैंपियन समांथा स्टोसुर और विम्बल्डन की युवा सनसनी कोको गॉफ को इस महीने होने वाली साल की अंतिम ग्रैंड स्लैम स्पर्धा यूएस ओपन टेनिस चैंपियनशिप में वाइल्ड कार्ड प्रदान किए गए।
यूएस ओपन टेनिस चैंपियनशिप के लिए मंगलवार को वाइल्ड कार्ड से प्रवेश पाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की गई। 15 वर्षीया गॉफ ने विम्बल्डन चैंपियनशिप में क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के जरिए मुख्य दौर में प्रवेश किया था और पांच बार की चैंपियन वीनस विलियम्स को हराकर उलटफेर किया था।। उन्हें चौथे दौर में सिमोना हालेप के हाथों हार मिली थी, हालेप ने आगे चलकर खिताब हासिल किया था।
गॉफ के अलावा 17 वर्षीया केटी मैक्नेली, व्हिटनी ओसुग्वे, केटी वोलीनेट्स और 16 वर्षीया डियाना पैरी को वाइल्ड कार्ड से प्रवेश दिया गया। 35 वर्षीया स्टॉसर ने 2011 में यूएस ओपन खिताब जीता था और वे दो बार क्वार्टरफाइनल में पहुंची थी। फ्रांसिस्का डी लोरेंजो, क्रिस्टी ऑन को भी प्रवेश दिया गया।
पुरुषों के वर्ग में अमेरिका के ब्योर्न फ्रेंटागेलो, मार्कोस गिरोन, डेनिस कुडला और जैक सोक के साथ वाइल्ड कार्ड चैलेंज विजेता एर्नेस्टो एस्कोबेडो को वाइल्ड कार्ड प्रदान किया गया है। जैचेरी वाज्डा और एंटोनी होआंग को भी वाइल्ड कार्ड के जरिए मुख्य दौर में जगह मिली।