फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Tennis ›   Australian Open 2021: Sumit Nagal lost in first round, Nadal comes forward

ऑस्ट्रेलियाई ओपन: भारत के सुमित नागल बाहर, नडाल सीधे सेटों में जीते, सोफिया केनिन भी आगे बढ़ी

Tue, 09 Feb 2021 03:43 PM IST
अंशुल तलमले स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अंशुल तलमले Updated Tue, 09 Feb 2021 03:43 PM IST
विज्ञापन
Australian Open 2021: Sumit Nagal lost in first round, Nadal comes forward
सुमित नागल - फोटो : सोशल मीडिया

भारत के सुमित नागल मंगलवार को यहां पहले दौर में लिथुआनिया के रिकार्डस बेरांकिस के खिलाफ हार के साथ ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गए। नागल को ताकतवर मैदानी स्ट्रोक खेलने वाले बेरांकिस के खिलाफ दो घंटे और 10 मिनट में 2-6 5-7 3-6 से हार का सामना करना पड़ा। नागल को पिछले हफ्ते ऑस्ट्रेलिया ओपन के तैयारी टूर्नामेंट में भी दुनिया के 72वें नंबर के खिलाड़ी के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। 23 साल के नागल ने दूसरे सेट में लगातार चार गेम जीतकर वापसी करने की कोशिश की, लेकिन बेरांकिस के दबदबे को तोड़ने में नाकाम रहे। दुनिया के 144वें नंबर के खिलाड़ी नागल को बेरांकिस के सटीम और ताकतवर मैदानी स्ट्रोक के खिलाफ रक्षात्मक रवैया अपनाना पड़ा और अंतत: उन्हें इसका नुकसान हुआ। एकल वर्ग में भारतीय चुनौती खत्म हो गई है और अब सभी की नजरें युगल खिलाड़ियों रोहन बोपन्ना, दिविज शरण और अंकित रैना पर टिकी हैं।

विज्ञापन

स्टार खिलाड़ी राफेल ने लास्लो जेयर को हराया

20 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन नडाल ने दुनिया के 56वें नंबर के खिलाड़ी के खिलाफ दो घंटे से कुछ कम समय में 6-3, 6-4, 6-1 से जीत दर्ज की। दूसरे सेट में नडाल जब सेट जीतने के लिए सर्विस कर रहे थे तब जेयर को तीन ब्रेक प्वाइंट मिले लेकिन वह इनका फायदा नहीं उठा पाए। वह तीसरे सेट में भी ब्रेक प्वाइंट को भुनाने में नाकाम रहे। स्पेन के 34 साल के नडाल ने इस मैच के दौरान कमर की समस्या का कोई संकेत नहीं दिया, जिसके कारण साल के पहले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट की उनकी तैयारी प्रभावित हुई है। वह पिछले हफ्ते एटीपी कप में स्पेन की ओर से नहीं खेले जबकि अभ्यास के दौरान भी कमर में जकड़न से परेशान थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

डेनियल मेदवेदव की भी जीत

एटीपी कप का खिताब जीतने वाली रूस की टीम के खिलाड़ी हालांकि अच्छी फॉर्म में दिखे। चौथे वरीय डेनिल मेदवेदेव ने वासेक पोसपिसिल को 6-2, 6-2, 6-4 से हराकर अपनी लगातार जीत के क्रम को 15 मैचों तक पहुंचाया जबकि सातवें वरीय आंद्रेय रूबलेव ने यानिक हेंफमैन को 6-3, 6-3, 6-4 से शिकस्त दी। महिला एकल में गत चैंपियन सोफिया केनिन ने कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की। अमेरिका की 22 साल की खिलाड़ी सोफिया ने आस्ट्रेलिया की वाइल्ड कार्ड धारक और दुनिया की 133वें नंबर की खिलाड़ी मेडिसन इंगलिस को मेलबर्न पार्क में सीधे सेटों में 7-5, 6-4 से हराया। मेडिसन को टूर स्तर के मुकाबलों में अब भी पहली जीत की तलाश है। उन्होंने इस स्तर पर अब तक अपने सभी छह मुकाबले हारे हैं। सोफिया ने मैच के बाद कहा, ‘‘बेशक मैं जिस तरह खेली उससे खुश नहीं हूं लेकिन जीत तो जीत होती है।

विज्ञापन

गत चैंपियन सोफिया केनिन भी आगे बढ़ीं

पिछले साल मेलबर्न में फाइनल में सोफिया के खिलाफ शिकस्त झेलने वाली दो बार की ग्रैंडस्लैम विजेत गरबाइन मुगुरुजा भी रूस की मार्गरिटा गैसपेरिन को 6-4, 6-0 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश करने में सफल रही। मुगुरुजा ने दूसरे सेट में सिर्फ 11 अंक गंवाए और नौवीं बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन में खेलते हुए कभी पहले दौर का मुकाबला नहीं गंवाने का अपना क्रम बरकरार रखा। दो बार की ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन और पिछले साल अमेरिकी ओपन की उप विजेता विक्टोरिया अजारेंका को सांस लेने में तकलीफ के कारण दूसरे सेट के दौरान कोर्ट पर उपचार कराना पड़ा और बाद में अमेरिका की जेसिका पेगुला ने उन्हें 7-5, 6-4 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

17 साल के कार्लोस अल्कारेज का कमाल

कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद तीन हफ्ते के पृथकवास से गुजरने वाली पॉला बेडोसा मैच जीतने के लिए सर्विस करने के बावजूद रूस की क्वालीफायर ल्युडमिला सेमसोनोवा के हाथों 6-7, 7-6, 7-5 से हार गई। स्पेन के 17 साल के कार्लोस अल्कारेज 2014 ऑस्ट्रेलियाई ओपन में जीत दर्ज करने वाले थनासी कोकिनाकिस के बाद ग्रैंडस्लैम मैच जीतने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष खिलाड़ी बने। थनासी ने जब मुकाबला जीता था तब उनकी उम्र अल्कारेज से एक दिन कम थी। अल्कारेज ने नीदरलैंड के 25 साल के बोटिक वान डि जेंडचुप को सीधे सेटों में 6-1, 6-4, 6-4 से शिकस्त दी।

16 साल की कोको गॉफ भी जीतीं

ऑस्ट्रेलिया के वाइल्ड कार्ड धारक एलेक्सेई पोपिरिन ने 13वें वरीय डेविड गोफिन को पांच सेट में 3-6, 6-4, 6-7, 7-6, 6-3 से हराकर बाहर किया। सोलह साल की कोको गॉफ ने महिला एकल में जिल टेचमैन को 6-3, 6-2 से शिकस्त दी। अमेरिका की 20 साल की आन ली ने 31वें नंबर की झेंग शुआई को सिर्फ 47 मिनट में 6-2, 6-0 से हराकर सत्र में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। आन ली की विश्व रैंकिंग 69 है और वह अपने सिर्फ तीसरे ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में खेल रही हैं। आन ली पिछले हफ्ते मेलबर्न पार्क में तैयारी टूर्नामेंट के दौरान अजीब उपलब्धि के बाद टूर्नामेंट में उतरी हैं। आन ली ने ग्रेम्पियंस ट्रॉफी का खिताब एनेट कोनटावीट के साथ साझा किया था क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई ओपन से ठीक पहले खिलाड़ियों को थकान से बचाने के लिए आयोजकों ने फाइनल का आयोजन नहीं करने का फैसला किया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed