डेविस कप: AITA ने 46 के पेस पर लगाया दांव, भूपति-बोपन्ना की गैरमौजूदगी में जाएंगे पाकिस्तान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान के साथ इस्लामाबाद में 29 और 30 नवंबर को होने वाले डेविस कप टाई पर अब तक फैसला नहीं हुआ है, लेकिन नॉन प्लेइंग कप्तान महेश भूपति, रोहन बोपन्ना की सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान नहीं जाने की इच्छा के चलते ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (आईटा) ने वेटरन लिएंडर पेस को चयन प्रक्रिया में शामिल कर लिया है।
इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (आईटीएफ) को भारत-पाक टाई पर अंतिम फैसला चार नवंबर को लेना है। बावजूद इसके आईटा ने प्रतिबंध और जुर्माने के डर से लिएंडर पेस समेत 26 खिलाडिय़ों और सपोर्ट स्टाफ का नाम पाकिस्तान वीजा के लिए आवेदन कर दिया है। मतलब साफ है कि टाई होने और भूपति, बोपन्ना, रामकुमार रामानाथन के नहीं जाने की स्थिति में पेस एक बार फिर भारतीय टीम में होंगे। यही नहीं ऐसी स्थिति में उन्हें टीम का प्लेइंग कप्तान बनाए जाने की योजना है।
आईटीएफ के फैसले का इंतजार
आईटा के सेक्रेटरी जनरल हिरोनमय चटर्जी ने 'अमर उजाला' से खुलासा किया कि उन्हें आईटीएफ के फैसले का इंतजार है। आईटा ने टाई को तटस्थ स्थान पर कराने को लिख रखा है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद आईटीएफ इस पर फैसला चार नवंबर को सुनाएगा। एक बार पहले भी सुरक्षा कारणों से टाई को आगे बढ़ाया जा चुका है।
हिरोनमय यह स्वीकार करते हैं कि भूपति, बोपन्ना और रामकुमार वर्तमान हालात में पाक में खेलने के इच्छुक नहीं है। हालांकि अगर आईटीएफ टाई आयोजित करने का फैसला लेता है और ये खिलाड़ी चयन के लिए अनुपलब्ध रहते हैं तो उनके पास विकल्प होने चाहिए। इसी के चलते सभी खिलाड़ियों का नाम वीजा के लिए आवेदन किया गया है। इन सभी नामों को पाकिस्तान टेनिस फेडरेशन को भेजा गया है।
हिरोनमय ने यह साफ किया कि लिएंडर को नॉन प्लेइंग कप्तान नहीं बनाया जाएगा। टाई ग्रास कोर्ट पर होना है। लिएंडर ने अब तक संन्यास नहीं लिया है और उनका ग्रास कोर्ट पर रिकार्ड बेहतरीन है। ऐसे में वह बतौर खिलाड़ी टीम में चुने जाएंगे।
सुमित नगाल ने अब तक नहीं दिया जवाब
हिरोनमय ने खुलासा किया कि टाई के लिए सुमित नगाल से भी बात की गई है। उनसे उनकी उपलब्धता के बारे में पूछा गया है, लेकिन उन्होंने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। आईटा सेक्रेटरी जनरल का कहना है कि टीम का चयन बाद की बात है। पहले देखना होगा कि आईटीएफ टाई पर क्या फैसला लेता है। अगर टाई तटस्थ स्थान पर आयोजित होता है तो सारी समस्या ही खत्म हो जाएगी।