पीबीएल: नीलामी में साइना समेत कई दिग्गजों की लगी बोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जैसी उम्मीद थी भारत की शीर्ष शटलर और दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी साइना नेहवाल प्रीमियर बैडमिंटन लीग की सबसे महंगी खिलाड़ी साबित हुईं। हालांकि मलयेशिया की ली चोंग वेई के लिए भी उनके समान एक लाख डॉलर के दाम मिलने तय हुए।
साइना को लखनऊ की फ्रेंचाइजी अवध वारियर्स और ली चोंग वेई को हैदराबाद हंटर्स ने एक समान एक लाख डॉलर (करीब 66 लाख 72 हजार रुपए) में अपनी-अपनी टीमों में शामिल किया।
विश्व चैंपियनशिप में दो बार की पदक विजेता पीवी सिंधू को 95,000 डॉलर (करीब 63 लाख 38 हजार रुपए) और पुरुष वर्ग के खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत को 80,000 डॉलर (करीब 53 लाख 37 हजार रुपए) के दाम मिले।
दो साल के अंतराल में हो रही पीबीएल की शुरुआत दो जनवरी को मुंबई में रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ होगी जबकि फाइनल 17 जनवरी को दिल्ली में होगा।
लॉटरी के जरिए तय हुई साइना और ली की टीमें
दरअसल भारतीय सुपरस्टार साइना नेहवाल और मलयेशिया की ली चोंग वी सोमवार को बोली का हिस्सा नहीं थी। साइना नेहवाल और ली चोंग को एक दिन पहले ही खरीद लिया गया था।
उनके लिए सभी फ्रेंचाइजी अधिकतम एक लाख डॉलर देने को तैयार थीं। ऐसे में नए नियमों के मुताबिक लाटरी के जरिए फैसला हुआ। ज्वाला और अश्विनी को मिला बेसप्राइज ज्वाला गट्टा और अश्विनी पोनप्पा की दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 चैंपियन महिला जोड़ी को उनके बेसप्राइज 25 हजार डॉलर (करीब 16 लाख 79 हजार रूपए) पर उनके घरेलू शहर की फ्रेंचाइजी हैदराबाद और बंगलूरू ने खरीदा। पुरुष युगल खिलाड़ी बी सुमित रेड्डी को भी बंगलूरू ने 25,000 डॉलर के बेसप्राइज में खरीदा।
भारतीय दिग्गजों को मिली ठीक-ठाक रकम
सोमवार को दिल्ली में दो घंटे देरी से शुरू हुई बोली प्रक्रिया में हाल ही में मकाऊ ओपन में हैट्रिक लगाने वालीं भारतीय खिलाड़ी पीवी सिंधू के लिए दिल्ली मुंबई और चेन्नई के बीच कड़ी होड़ हुई अंतत: चेन्नई स्मैशर्स उन्हें अपने पाले में रखने में सफल रहीं।
चोट से उबर रहे कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन पारूपल्ली कश्यप को हैदराबाद हंटर्स ने 35,000 डॉलर (करीब 23 लाख 35 हजार रूपए) में खरीदा। एचएस प्रणय को मुंबई फ्रेंचाइजी 47,000 डॉलर (करीब 31 लाख 35 हजार रूपए) में खरीदा। इंडोनेशियाई मास्टर्स चैंपियन टामी सुगियार्तो को दिल्ली एसर्स ने 74,000 डॉलर (करीब 49 लाख 37 हजार रूपए) में खरीदा।
ये होगी टीमें
अवध वारियर्स (लखनऊ), दिल्ली एसर्स, हैदराबाद हंटर्स, चेन्नई स्मैशर्स, मुंबई राकेट्स, बंगलूरू टॉप गन्स