संजीता ने जीता कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल, अर्जुन अवार्ड के लिए लड़ रही हैं केस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अर्जुन अवार्ड के लिए दोस्तों और रिश्तेदारों से चंदा लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में केस लड़ रही संजीता चानू ने खेल मंत्रालय को अपने प्रदर्शन से जवाब देते हुए कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप का गोल्ड जीत लिया। सिर्फ संजीता ही नहीं मीराबाई चानू ने भी गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया) में खेली जा रही कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में मंगलवार को गोल्ड जीता। मणिपुर की दोनों ही वेटलिफ्टरों ने अगले वर्ष गोल्ड कोस्ट में ही होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स का टिकट हासिल कर लिया है। 53 किलो में संजीता (स्नैच 85+क्लीन एंड जर्क 110) को भारत की ही मात्सा संतोषी (86+108 किलो) ने कड़ी टक्कर दी। संतोषी ने रजत जीता।
संजीता ने स्वर्ण जीतने के बाद गोल्ड कोस्ट से अमर उजाला को बताया कि वह दबाव में थीं। यहां उनकी प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। वह साबित करना चाहती थीं कि उन्हें इस बार अर्जुन अवार्ड नहीं देकर गलत किया गया। उन्हें यह अवार्ड तब नहीं दिया गया जब खुद खेल मंत्रालय ने उनके नाम की सिफारिश की। हार कर उन्होंने न्याय के लिए अदालत की शरण ली। अच्छे प्रदर्शन का दबाव इस वजह से भी था कि उनके पास केस लड़ने को वकील की फीस देने के लिए पैसे नहीं थे। उन्होंने दोस्तों और रिश्तेदारों से मदद की अपील की। सभी ने चंदा एकत्र कर उन्हें एक लाख रुपये दिए तब जाकर वह अवार्ड के लिए केस लड़ रही हैं। उन्हें सुकून है कि उन्होंने दोस्तों की मदद को बेकार नहीं जाने दिया और गोल्ड जीता। वह दिल्ली आकर नए खेल मंत्री से मिलेंगी और अवार्ड के लिए गुहार लगाएंगी। संजीता ने अंतिम लिफ्ट नहीं उठाई। उनका दूसरी लिफ्ट पर गोल्ड पक्का हो गया था।
मीराबाई ने 48 किलो में कुल 189 किलो वजन उठाया। उन्होंने स्नैच में 85 किलो वजन उठा नया कॉमनवेल्थ रिकार्ड कायम किया। क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 104 किलो वजन उठाया। पुरुषों के 56 किलो में गुरूराजा ने कुल 246 किलो वजन उठा कांस्य जीता।
यूथ और जूनियर में छह गोल्ड
यूथ और जूनियर वर्ग में भी लिफ्टरों ने शानदार प्रदर्शन कर छह गोल्ड जीते। 56 किलो में वर्ल्ड यूथ मेडलिस्ट जेरमी लालरिनुनगा ने 240 किलो वजन के साथ यूथ और जूनियर वर्ग में दो गोल्ड जीते। 48 किलो यूथ में स्नेहा सोरेन और इसी भार के जूनियर वर्ग में झिली दालाबेहड़ा ने गोल्ड जीते। 53 किलो यूथ में अनन्या पाटिल ने और जूनियर वर्ग में पूर्णिमा चानू ने गोल्ड जीते।