ऋतु फोगाट ने छोड़ा अपना पहला प्यार, अब MMA के नए सफर पर मचाएंगी धमाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्टार भारतीय महिला पहलवान ऋतु फोगाट ने सोमवार को अचानक ही रेसलिंग छोड़ मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स से जुड़ने का फैसला किया है। ऋतु 'दंगल' फेम कोच महावीर फोगाट की बेटी हैं।
24 वर्षीया ऋतु मशहूर फोगाट बहनों में तीसरे नंबर की बेटी हैं। महावीर की चार बेटियां गीता, बबिता, ऋतु और संगीता हैं। 2017 में ऋतु ने पोलैंड में हुई विश्व अंडर-23 सीनियर रेसलिंग चैंपियनशिप में 48 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता था।
ऋतु उन प्रतिभाशाली पहलवानों में से थीं, जिने आगामी समय में देश को काफी उम्मीदें थी, लेकिन उन्होंने अचानक रेसलिंग छोड़कर देश को जोरदार झटका दिया है। अब मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में ऋतु सिंगापुर की इवोल्व फाइट टीम से जुड़ी हैं।
सिंगापुर से टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत करते हुए ऋतु ने कहा, 'मैं अपनी नई यात्रा शुरू करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। मैंने एमएमए इसलिए चुना क्योंकि एमएमए विश्व चैंपियन बनने वाली पहली भारतीय बनना चाहती हूं। मैं एमएमए लंबे समय से देखती रही हूं और इस खेल से काफी प्रभावित हूं। मैं हमेशा सोचती थी कि इस खेल में कोई भारतीय क्यों नहीं हैं।'
अपनी बहनों से अधिक साहसी हैं ऋतु
यह पूछने पर कि एमएमए में जाने का प्रमुख कारण क्या है तो ग्रेपलर ने जवाब दिया, 'हमारे परिवार में सभी पहलवान हैं। लोगों को मुझसे उम्मीदें हैं क्योंकि मैं गीता और बबिता की बहन हूं। मैं उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करना चाहती हूं, लेकिन मैट पर नहीं बल्कि जाली में।'
ऋतु ने यह भी बताया कि वह अपनी बहनों से अधिक साहसी हैं। उन्होंने कहा, 'रेसलिंग मेरा पहला प्यार है। मुझे इसकी काफी कमी खलेगी, लेकिन मैं अपनी बहनों से अलग हूं। मैं नई शुरुआत करने को बेताब हूं।'
ऋतु के फैसले ने भारतीय रेसलिंग संघ को तगड़ा झटका दिया है, जिन्होंने दावा किया है कि पहलवान ने चोट का बहाना बनाकर उन्हें अंधेरे में रखा। बहरहाल, एमएमए से जुड़ने के कारण ऋतु के हाथ से 2020 टोक्यो ओलंपिक में मेडल जीतने का मौका फिसल गया है।
ऋतु के परिवार में जश्न का माहौल
ऋतु के फैसले पर भारतीय रेसलिंग संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर ने कहा, 'यह हमारे लिए हैरानीभर खबर है। लेकिन उन्होंने अगर एमएमए से जुड़ने का फैसला किया है तो उनका एमेच्यॉर करियर समाप्त हो गया है। विश्वास कीजिए कि मुझे ऋतु के फैसले पर विश्वास नहीं हो रहा है। ऋतु भारत की प्रतिभाशाली पहलवानों में से एक थी। मुझे उम्मीद है कि उन्हें इसके परिणाम पता होंगे कि वह भारत का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकेंगी।'
बता दें कि इस महीने की शुरुआत में लखनऊ में हुई महिलाओं की सीनियर राष्ट्रीय रेसलिंग कैंप से ऋतु ने चोट का हवाला देकर किनारा कर लिया था। तोमर ने कहा, 'ऋतु को हमें यह बात बताना चाहिए थी। उन्होंने पिछले सप्ताह फोन पर कहा कि वह चोटिल हैं। उन्होंने इच्छा जताई कि उनके वजन वर्ग में छोटी बहन संगीता देश का प्रतिनिधित्व करें। हमने ऋतु में काफी निवेश किया है। यह हमारे लिए बड़ा नुकसान है।'
वहीं हरियाणा के बलाली गांव में ऋतु का परिवार काफी उत्साहित है। ऋतु के पिता महावीर फोगाट ने कहा, 'यह एक रात में लिया गया फैसला नहीं है। मेरी बेटी एमएमए की बड़ी फैन है। एक दिन उसने मुझे कहा था कि वह एमएमए में अपने हाथ आजमाना चाहती है।'