विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: पूजा ढांडा ने जीता कांस्य पदक, ऐसा करने वाली बनी पहली भारतीय महिला
बुडापेस्ट में चल रही विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय महिला पहलवान पूजा ढांडा ने गुरुवार को कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रौशन किया। हरियाणा की रहने वाली 24 वर्षीय पूजा ने 57 किग्रा भारवर्ग में नॉर्वे के महिला पहलवान ग्रेस बुलन को 10-7 से हराया।
बता दें कि 6 साल बाद फ्रीस्टाइल में मेडल जीतने वाली पूजा पहली भारतीय महिला बनी। वहीं, पूजा विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाली चौथी महिला पहलवान बन गई हैं। इससे पहले साल 2006 में अल्का तोमर, 2012 में गीता और बबीता पोघाट ने देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
गौरतलब है कि इसके पहले मुकाबले में पूजा ने 57 किग्रा वर्ग में अजरबेजान की अलयोना कोलेसनिल को आसानी से 8-4 से मात दी थी। भारत का इस चैंपियनशिप में यह दूसरा पदक है। इससे पहले बजरंग पुनिया ने पुरुष फ्रीस्टाइल के 65 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता था।
रितु-साक्षी ने किया निराश
दूसरी तरफ रितु फोगाट ने 50 किग्रा वर्ग में यूक्रेन की ओकसाना लिवच ने रितु को 10-5 के बड़े अंतर से शिकस्त देकर पदक अपने नाम कर लिया। इससे पहले रितु ने रेपचेज में रोमानिया की एमिलीया एलीना को मात देकर कांस्य पदक मुकाबले में जगह बनाई थी।
वहीं, 62 किग्रा में रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने रेपचेज राउंड में गुरुवार को हंगरी की मरियाना सास्तिन को कड़ी चुनौती दी, लेकिन भारतीय पहलवान को नजदीकी मुकाबले में 2-3 से हार का सामना करना पड़ा।
बता दें कि साक्षी को 62 किग्रा के क्वार्टर फाइनल में दो बार की विश्व चैम्पियन जापान की युकाको क्वाई से 2-16 से करारी मात खानी पड़ी। हालांकि, युकाको के फाइनल में पहुंचने से साक्षी को रेपचेज में पहुंचने का मौका मिला था।