{"_id":"5ba18ef0867a557ff5670695","slug":"m-c-mary-kom-lost-two-kg-weight-in-4-hours","type":"story","status":"publish","title_hn":"मैरीकॉम ने चार घंटे में कम किया दो किलो वजन","category":{"title":"Other Sports","title_hn":"अन्य खेल","slug":"other-sports"}}
मैरीकॉम ने चार घंटे में कम किया दो किलो वजन
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
Updated Wed, 19 Sep 2018 05:19 AM IST
विज्ञापन
मैरी कॉम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चार घंटे में दो किलो वजन कम करना। यह सुनने में जितना अजीब है उस पर विश्वास करना भी इतना आसान नहीं। पर ऐसा हकीकत में कर दिखाया पांच बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम ने लंबी यात्रा के बाद पोलैंड पहुंचीं तीन बच्चों की मां मैरीकॉम को थकान के बावजूद इस चुनौती को पूरा करना था।
विज्ञापन
पोलैंड के गिलवाइस में हाल ही में हुए 13वें सिलेसियन मुक्केबाजी टूर्नामेंट के लिए मैरीकॉम जब वहां पहुंचीं तो उनका वजन दो किलो ज्यादा था। टूर्नामेंट के लिए वजन कम करने के लिए उनके पास चार घंटे का समय था। उन्होंने न सिर्फ इस चुनौती को पूरा किया बल्कि स्वर्ण पदक भी जीता जो इस साल का उनका तीसरा पीला तमगा है।
विज्ञापन
राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन मैरीकॉम ने स्वदेश वापसी के बाद कहा, 'हम लगभग तीन-साढ़े तीन बजे सुबह पोलैंड पहुंचे। टूर्नामेंट के लिए वजन सुबह साढ़े सात बजे होना था। मुझे 48 किलो भार वर्ग में हिस्सा लेना था और मेरा वजन उससे दो किलो ज्यादा था। मेरे पास वजन कम करने के लिए लगभग चार घंटे का समय था। ऐसा नहीं करने पर मैं डिस्क्वालिफाई हो जाती। मैंने लगातार एक घंटे तक स्कीपिंग (रस्सी कूद) की और फिर मैं वजन के लिए तैयार थी।'
विज्ञापन
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता 35 वर्षीय मैरीकॉम ने कहा कि हमारे लिए अच्छी बात यह थी कि जिस विमान में हम यात्रा कर रहे थे वह लगभग पूरा खाली था। इसलिए मैं पैर फैलाकर अच्छे से सो सकी ताकि वहां पहुंचने पर ज्यादा थकावट न रहे। नहीं तो मुझे नहीं पता कि मैं टूर्नामेंट में भाग ले पाती या नहीं।
लक्ष्य टोक्यो ओलंपिक
मणिपुर की यह खिलाड़ी टूर्नामेंट के सीनियर वर्ग में स्वर्ण जीतने वाली इकलौती भारतीय खिलाड़ी हैं। वह दो महीने में 36 साल की हो जाएंगी लेकिन इस मुक्केबाज ने साफ कर दिया कि वह 2020 टोक्यो ओलंपिक तक खेल जारी रखेंगी। उन्होंने कहा कि नवंबर में होने वाली विश्व चैंपियनशिप मेरा अंतिम टूर्नामेंट नहीं होगा। मैं 2020 ओलंपिक तक कहीं नहीं जा रही बशर्ते मैं फिट रहूं। मैं अपनी कमियों को जानती हूं लेकिन मुझे अपने मजबूत पक्षों के बारे में भी पता है। अगर कोई चोट लगती है तब आगे की योजना के बारे में सोचूंगी।