ओलंपिक में खेलने वाले हर भारतीय खिलाड़ी को कराया जाएगा घर का अहसास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं टोकियो ओलंपिक में खेलने वाले हर भारतीय खिलाड़ी को घरेलू माहौल और समर्थन उपलब्ध कराया जाए। इसका जिम्मा टोकियो में रहने वाले भारतवंशियों को दिया जाए।
खेल मंत्रालय और भारतीय ओलंपिक संघ ने पीएम की इस इच्छा को पूरी करने के लिए कमर कस ली है। टोकियो में रहने वाले एक भारतवंशी पर एक भारतीय खिलाड़ी की जिम्मेदारी होगी। इसके बदले जिम्मा उठाने वाले भारतवंशी परिवार को खिलाड़ी का समर्थन करने के लिए उसके मुकाबले का टिकट दिया जाएगा।
परिवार तलाशने की जिम्मा आईओए को
खेल मंत्रालय की ओर से कुछ दिन पूर्व पीएम नरेंद्र मोदी को टोकियो ओलंपिक की तैयारियों का ब्योरा दिया गया था। इस दौरान पीएम ने भारतीय खिलाडिय़ों को टोकियो में घरेलू माहौल और समर्थन की बात कही।
खेल मंत्रालय इसी को अमलीजामा पहनाने में जुट गया है। खेल सचिव राधेश्याम जुलानिया ने अमर उजाला से खुलासा किया कि उम्मीद है ओलंपिक केलिए 100 से अधिक खिलाड़ी क्वालिफाई करेंगे। हर खिलाड़ी की जिम्मेदारी वहां रहने वाले एक परिवार को दी जाएगी। टोकियो में परिवारों की तलाश के लिए आईओए को जिम्मेदारी दी गई है।
परिवारों का आईओए ख्याल रखेगा और उन्हें खिलाड़ी का मुकाबला देखने और समर्थन करने के लिए अपनी ओर से टिकट देगा। इससे खिलाड़ी को स्टेडियम में समर्थन भी मिलेगा और उसे विदेश में रहने का अहसास भी नहीं होगा।
भारतीय दूतावास की ली जाएगी मदद
परिवारों की तलाश के लिए जापान स्थित भारतीय दूतावास और राजदूत की भी मदद ली जाएगी। हालांकि खिलाड़ी खेलों के दौरान गेम्स विलेज में ही रहेंगे, लेकिन कुछ ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि खिलाड़ी को जब भारतीय खाने की जरूरत हो तो जिम्मा उठाने वाला परिवार उन्हें यह भोजन उपलब्ध कराएगा। इस योजना से टोकियो ओलंपिक में भारतीय खिलाडिय़ों को अच्छा समर्थन मिलने की उम्मीद मंत्रालय लगा रहा है।