एयर इंडिया की शिकायत करने वाली मनु भाकर ने जब हरियाणा के मंत्री से ले लिया था पंगा
भारत की स्टार युवा निशानेबाज मनु भाकर एक बार फिर से चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने एयरपोर्ट पर फ्लाइट में चढ़ने से रोके जाने पर शिकायत की। हरियाणा की 19 वर्षीय महिला निशानेबाज ने शुक्रवार को अपने ट्विटर अकाउंट से एक शिकायत भरी पोस्ट डाली। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्हें अपमान का सामना करना पड़ा। उन्हें एयर इंडिया के फ्लाइट में चढ़ने से रोका गया और उनसे 10,200 रुपये मांगे गए।
मनु की इस शिकायत पर खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने तुरंत संज्ञान लिया और उनकी मदद की। खेल मंत्री के दखल के बाद उन्हें फ्लाइट में चढ़ने दिया गया। इसके कुछ देर बाद ही मनु ने ट्वीट कर खेल मंत्री का शुक्रिया अदा किया, जिसके जवाब में रिजिजू ने लिखा, मनु भाकर आप भारत की शान हैं।'
You are India's pride @realmanubhaker 🇮🇳
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) February 19, 2021
मंत्री अनिल विज से लिया था पंगा
यह पहली बार नहीं है जब इस युवा निशानेबाज ने अधिकारियों की शिकायत की हो, इससे पहले भी वह कई बार अपना विरोध जता चुकी हैं। एक बार तो वह हरियाणा के मंत्री अनिल विज से ही भिड़ गई थीं। देश की नंबर एक और दुनिया में दूसरी रैंकिंग वाली निशानेबाज ने इससे पहले अपनी इनामी राशि को लेकर हरियाणा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। दरअसल यूथ ओलंपिक गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने पर हरियाणा सरकार ने उन्हें 2 करोड़ रुपए का इनाम देने का वादा किया था।
इसके बाद मनु ने जनवरी 2019 में हरियाणा सरकार के खिलाफ ट्वीट करते हुए आरोप लगाया था कि राज्य सरकार उन्हें इनाम देने का वादा भूल चुकी है और उसे पूरा नहीं कर पाई है। इसके बाद इसे लेकर उनके और हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज के बीच लंबी बहस चली थी।
Sir Please confirm if it is correct... Or just Jumla... @anilvijminister pic.twitter.com/AtxpLKBSYV
— Manu Bhaker (@realmanubhaker) January 4, 2019
अनिल विज ने उनकी आलोचना करते हुए कहा था कि मनु भाकर को पहले इस बारे में विभाग से बात करनी चाहिए थी। मैंने और विभाग के नोटिफिकेशन में कहा गया है कि उन्हें 2 करोड़ का इनाम मिलेगा। उन्हें इस तरह से इस मामले को बिना सोचे समझे सार्वजनिक तौर पर नहीं लाना चाहिए था। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
बता दें कि हरियाणा के झज्जर जिले के गोरिया गांव में जन्मीं मनु भाकर पहली बार सुर्खियों में तब आई थीं जब 2018 के आईएसएसएफ वर्ल्डकप में उन्होंने एक साथ दो गोल्ड मेडल जीते थे। इसके बाद उन्होंने यूथ ओलंपिक गेम्स और कॉमनवैल्थ गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीतकर भारत को ओलंपिक में पदक की उम्मीद जगा दी।