एड्रियाटिक पर्ल टूर्नामेंट में भारतीय महिला मुक्केबाजों का दबदबा, पांच गोल्ड के साथ लहराया परचम
भारतीय मुक्केबाजों ने मोंटेनेग्रो में खेले गए 30वें एड्रियाटिक पर्ल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय महिला टीम आखिरी दिन दो और स्वर्ण पदक जीतने के बाद कुल पांच पदकों के साथ शीर्ष पर रही। बेबीरोजिसाना चानू (51 किग्रा) और अरुंधति चौधरी (69 किग्रा) ने सोमवार को दो और स्वर्ण पदक जीतकर भारत की झोली में डाले। वहीं लकी राणा (64 किग्रा) को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम ने कुल 10 पदक (पांच स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य) के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं उज्बेकिस्तान दो स्वर्ण पदक जीतकर दूसरे जबकि एक स्वर्ण पदक जीतने वाला चेक गणराज्य तीसरे स्थान पर रहा।
Montenegro mein dhamaal!
— Boxing Federation (@BFI_official) February 22, 2021
🇮🇳 youth women pugilists sizzled in Budva as they won 5⃣ gold medals & finished as the top nation at the 30th #AdriaticPearl Championship. Kudos to all the players, coaching and support staffs. @AjaySingh_SG | @KirenRijiju #boxing #PunchMeinHaiDum pic.twitter.com/QAvNaEXAce
खेलो इंडिया खेलों की तीन बार की स्वर्ण पदक विजेता अरुंधति ने रविवार को यूक्रेन की मेरियाना स्टोइको को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराया। जबकि चानू ने करीबी मुकाबले में उज्बेकिस्तान की एशियाई जूनियर चैंपियन सबीना बोबोकुलोवा को 3-2 से शिकस्त दी।
भारतीय महिला मुक्केबाजों में अल्फिया पठान (+81 किग्रा), विंका (60 किग्रा) और टी सनामाचा चानू (75 किग्रा) ने भी स्वर्ण पदक जीते। विंका को टूर्नामेंट में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ महिला मुक्केबाज का पुरस्कार भी मिला।
पुरुष वर्ग में दो पदक के साथ भारत की 19 सदस्यीय टीम ने अपने अभियान का अंत 12 पदक से ओवरआल दूसरे स्थान के साथ किया। ओवरआल तालिका में उज्बेकिस्तान शीर्ष जबकि यूक्रेन तीसरे स्थान पर रहा।