सम्मान: IOA ने टोक्यो मेडलिस्ट को दिए नकद पुरस्कार, खेल मंत्री ने टॉप्स का विस्तार करने का दिया भरोसा
भारतीय ओलंपिक संघ ने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान टोक्यो ओलंपिक के पदक विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) का विस्तार करने की बात की।
विस्तार
भारतीय ओलंपिक संघ ने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान टोक्यो ओलंपिक के पदक विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा समेत अन्य मेडलिस्ट को नकद पुरस्कार सौंपा। खेल मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) का विस्तार करने की बात की।
ठाकुर ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से प्रेरित होकर सरकार 2024 और 2028 खेलों को ध्यान में रखते हुए टॉप्स के आकार और दायरे का विस्तार करेगी।
आईओए के सम्मान समारोह में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने वाले एथलीट नीरज चोपड़ा को 75 लाख रुपये का नकद पुरस्कार सौंपा गया। वहीं रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया और भारोत्तोलक मीराबाई चानू को टोक्यो में रजत पदक हासिल करने पर 50-50 लाख रुपये के पुरस्कार दिए गए। जबकि कांस्य पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन और पहलवान बजरंग पुनिया को 25-25 लाख रुपये दिए गए। इस मौके पर कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम के प्रत्येक सदस्य को भी 10-10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। यह पहली बार है जब आईओए ओलंपिक पदक विजेताओं को नकद प्रोत्साहन दे रहा है।
Indian Olympic Association felicitates Tokyo Olympics medalists Neeraj Chopra, Mirabai Chanu, Ravi Dahiya, PV Sindhu, Lovlina Borgohain, Bajrang Punia & Indian men's hockey team in Delhi.
Union Youth Affairs& Sports Min Anurag Thakur &MoS Sports Nisith Pramanik present at event pic.twitter.com/O96TSdZ9HO — ANI (@ANI) August 15, 2021
ठाकुर ने इस कार्यक्रम में कहा, ‘मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम टॉप्स का विस्तार करने जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को इसका फायदा हो सके। हम उम्मीद करते हैं कि जब 2024 ओलंपिक के बाद ऐसा समारोह आयोजित किया जाए तो यहां (हॉल) कोई जगह खाली ना हो।’
कार्यक्रम के दौरान यह भी घोषणा की गई कि टोक्यो गए सभी 128 ओलंपियनों को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इस समारोह में टोक्यो ओलंपिक के सभी पदक विजेता मौजूद थे।