एशियाई अंडर-15 कुश्ती चैंपियनशिपः भारत की 30 सदस्यीय टीम घोषित, दीपक-उदित पर रहेंगी उम्मीदें
भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) ने चीनी ताइपे में 22 से 24 नवंबर तक होने वाली एशियाई अंडर-15 कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारत की 30 सदस्यीय टीम घोषित कर दी। भारतीय कुश्ती संघ ने टीम का चयन लड़कों के सोनीपत और लड़कियों के लखनउ में हुए ट्रायल के बाद किया।
पिछले साल इस चैंपियनशिप में अपने लड़कों और लड़कियों के शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारत इस बार भी इसमें शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेगा। भारत ईरान में पिछली बार इस चैंपियनशिप में फ्री स्टाइल में अमन (52 कि.ग्रा) के स्वर्ण सहित आठ पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा था।
भारत ने लड़कियों के वर्ग में जापान में पूजा रानी(33 कि. ग्रा.), कोमल (36कि. ग्रा.) और स्वीटी (53 कि.ग्रा) द्वारा जीते स्वर्ण पदकों सहित पिछली बार इस चैंपियनशिप में कुल सात पदक जीते थे। इस साल यह चैंपियनशिप चीनी ताइपे में होगी और इसमें भारत के लड़के और लड़कियां एक ही जगह इसमें शिरकत करेंगे।
लड़कों में भारत की उम्मीदें 2019 में कैडेट विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता उदित कुमार (57 कि.ग्रा.)और दीपक चहल (75कि. ग्रा.)पर रहेंगी। उदित और दीपक दोनों पहली बार एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में शिरकत करेंगे।
अंडर 15 फ्री स्टाइल राष्ट्रीय कोच रणवीर सिंह ने कहा, 'लड़कों ने जमकर पसीना बहाया है । हमें बढिय़ा प्रदर्शन का भरोसा है ही हम पदक जीतने की उम्मीद कर रहे हैं।' लड़कियों के वर्ग में भारत की उम्मीदें कैडेट विश्व चैंपियनशिप में 40 कि. ग्रा. वजन वर्ग में स्वर्ण पदक जीतन वाली कोमल (39 कि. ग्रा) पर रहेगी।
भारत के लड़कों की टीम इस प्रकार है :
फ्री स्टाइल : योगेश (38 कि. ग्रा.), अमन (41 कि. ग्रा.), रवि (44 कि. ग्रा.), आकाश (48 कि. ग्रा.), कपिल (52 कि. ग्रा.), उदित (57 कि. ग्रा.), विशाल (62 कि. ग्रा.),सागर (68 कि.ग्रा.), दीपक चहल (75 कि.ग्रा.),जतिन (85 कि. ग्रा.) ।
ग्रीको रोमन स्टाइल : महादेव (38 कि. ग्रा.), दिनेश (41 कि. ग्रा.),हर्ष (44 कि. ग्रा), हरिकेश (48 कि. ग्रा.),अनिल (52 कि. ग्रा), सोऋहित (57 कि. ग्रा.), सुमित (62 कि. ग्रा.),अंकित (68 कि. ग्रा.), चिराग (75 कि. ग्रा.), अर्षदीप (85 कि. ग्रा)।
लड़कियां: सलोनी (33 कि. ग्रा.), बबली (36 कि.ग्रा.),कोमल(39 कि.ग्रा.), कोमल (42 कि.ग्रा.), शीतल (46 कि. ग्रा.), धनश्री (50 कि.ग्रा.), आरती (54 कि.ग्रा.), निकिता (58 कि.ग्रा.),दीपिका (62 कि.ग्रा.), रिया (66 कि.ग्रा.)।