Asian Games 2018: भारत के लिए शानदार रहा रविवार का दिन, खिलाड़ियों ने जीते इतने मेडल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेमबंग में चल रहे एशियाई खेलों का आठवां दिन खत्म हो गया। रविवार के दिन का खेल खत्म होने के बाद भारत 7 गोल्ड, 10 सिल्वर और 19 ब्रॉन्ज के साथ भारत कुल 36 पदक लेते हुए मेडल टेली में 9वें पायदान पर है।
हिमा दास ने महिला 400 मीटर में नए राष्ट्रीय रिकार्ड के साथ रजत पदक जीता और पुरुष वर्ग में मोहम्मद अनस ने भी क्षेत्रीय स्तर पर अपना दबदबा कायम रखते हुए एशियाई खेलों में दूसरा स्थान हासिल किया जबकि दुती दंत 100 मीटर में रजत पदक जीतने में सफल रही।
भारत आज कोई स्वर्ण पदक नहीं जीत पाया लेकिन पांच रजत पदक जीतने में सफल रहा। देश सात स्वर्ण, 10 रजत और 19 कांस्य पदक के साथ कुल 36 पदक जीतकर तालिका में नौवें स्थान पर है।
हिमा ने दो दिन में दूसरी बार महिला 400 मीटर में राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़कर रजत पदक जीता जबकि अनस भी इसी वर्ग की पुरुष स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहे। लंबे समय तक लिंग विवाद मामले में संघर्ष करने वाली दुती ने महिला 100 मीटर में फोटो फिनिश में रजत पदक जीता।
हिमा और अनस को इन स्पर्धाओं में रजत पदक का ही दावेदार माना जा रहा था क्योंकि इन स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी शीर्ष पर रहने के प्रबल दावेदार थे। हिमा ने 50 .59 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक जीता और साथ ही दो दिन में दूसरी बार राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ा। एशियाई चैंपियन अनस ने 45 . 69 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक जीता।
ट्रैक एवं फील्ड ने हालांकि खुशखबरी के साथ दिल तोड़ने वाली खबर भी आई जब लंबी दूरी के धावक गोविंदन लक्ष्मणन ने पुरुष 10 हजार मीटर दौड़ तीसरे स्थान पर रहते हुए पूरी की लेकिन बाद में उन्हें दूसरी लेन में जाने के कारण आईएएएफ के नियमों के तहत डिस्क्वालीफाई कर दिया गया। उन्होंने 29 मिनट 44 . 91 सेकेंड का समय लिया था।
हिमा, अनस और दुती अगर आज ट्रैक पर स्टार रहे तो वहीं घुड़सवारी टीम ने दो रजत पदक जीतकर सबको हैरान किया। फवाद मिर्जा ने एशियाई खेलों की घुड़सवारी प्रतियोगिता में 1982 के बाद व्यक्तिगत पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने। उनके प्रयासों से टीम भी दूसरा स्थान हासिल करने में सफल रही।
'सिगनोर मेदिकोट' नाम के घोड़े पर सवार मिर्जा ने ड्रेसेज और क्रास कंट्री क्वालीफायर्स में 22.40 अंक के साथ पहले स्थान पर रहते हुए जंपिंग फाइनल्स में प्रवेश किया। उन्होंने जंपिग फाइनल्स में 26.40 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। जापान के ओइवा योशियाकी ने 22.70 के स्कोर के साथ स्वर्ण जीता।
मिर्जा के शानदार प्रदर्शन के सहारे भारत ने टीम स्पर्धा में भी रजत पदक हासिल किया। इस टीम में मिर्जा के अलावा जितेंदर सिंह, आकाश मलिक और राकेश कुमार शामिल थे। भारतीय टीम का कुल स्कोर 121.30 रहा।
गौरतलब है कि भारतीय घुड़सवारी महासंघ में आपसी मतभेद के कारण टीम अंतिम समय में यहां प्रतिस्पर्धा के लिए पहुंची थी। पदार्पण कर रहे खेल ब्रिज में भारत ने पुरुष टीम और मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीते।
भारत की महिला और पुरुष कंपाउंड टीमों ने भी फाइनल में जगह बनाकर कम से कम दो रजत पदक पक्के किए। दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में चीनी ताइपे को हराया। गत विजेता पुरूष टीम ने अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में चीनी ताइपे को 230-227 से हराया।
अभिषेक वर्मा, अमन सैनी और रजत चौहान की भारतीय तिकड़ी ने धीमी शुरूआत के बाद प्रदर्शन में धार लाते हुए चार सेट का मुकाबला 57-57, 57-56, 58-55, 59-59 से जीता। फाइनल में टीम 2014 के एशियाई खेलों की तरह इस बार भी दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी।
इससे पहले भारतीय महिला टीम ने पिछले एशियाई खेलों के अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए फाइनल में जगह बनाई। चार साल पहले इंचियोन में कांस्य जीतने वाली महिला टीम ने भी चीनी ताइपे को ही 225-222 से हराया।
सुरेखा ज्योति वेन्नम, मुस्कान किरार और मधुमिता कुमार की तिकड़ी ने धीमा शुरूआत के साथ पहले दो सेट 55-58, 55-57 से गंवा दिए लेकिन वापसी करते हुए अगले दोनों सेट 57-55, 58-52 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
गत चैंपियन भारतीय पुरुष हाकी टीम ने भी अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए पूल मैच में दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। बैडमिंटन कोर्ट पर ओलंपिक पदकधारी पीवी सिंधु और और साइना नेहवाल ने महिला एकल सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए एतिहासिक दो पदक पक्के किए।
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना ने विश्व में पांचवें नंबर की थाइलैंड की खिलाड़ी रतचानोक इंतानोन से पहले गेम के शुरू में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करके 21-18, 21-16 से जीत दर्ज कर व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के 36 साल का पदक का सूखा खत्म किया। क्वार्टर फाइनल का यह मैच 42 मिनट तक चला।
ओलंपिक और विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक विजेता सिंधू ने भी एक अन्य क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की ही निचाओन जिंदापोल को 21-11, 16-21, 21-14 से हराकर पदक पक्का किया।
भारतीय गोल्फर भी अच्छी शुरूआत को बरकरार नहीं रख सके और पुरूषों की टीम ने अपने अभियान को सातवें स्थान के साथ समाप्त किया। भारतीय टीम पहले दो दौर के बाद दूसरे स्थान पर थी लेकिन कल तीसरे दिन टीम ने निराशाजनक प्रदर्शन किया जिसमें सभी खिलाड़ियों ने पार से ज्यादा के कार्ड खेले। आज अंतिम दौर में भी खिलाड़ियों का प्रदर्शन ऐसा ही रहा।
निशानेबाजी में भारतीय अभियान का समापन निराशाजनक तरीके से हुआ जिसमें स्कीट स्पर्धा में भाग लेने वाले चार निशानेबाजों में से कोई भी फाइनल में जगह पक्की नहीं कर पाया।
टीम ओवरआल निशानेबाजी तालिका में तीसरे स्थान पर रही जो पिछले एशियाई खेलों से काफी बेहतर है।
शीराज शेख और अंगद वीर सिंह बाजवा आज स्कीट क्वालीफिकेशन में क्रमश: 13वें (120 अंक) तथा 14वें (119 अंक) स्थान पर रहे और फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।
मुक्केबाजी में मिश्रित सफलता हाथ लगी। विश्व कप की पूर्व रजत पदक विजेता सरजूबाला देवी ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई लेकिन अनुभवी मनोज कुमार और शिव थापा प्री-क्वार्टर फाइनल में शिकस्त के साथ बाहर हो गए।
फ्लाइवेट 51 किग्रा वर्ग में चुनौती पेश कर रही सरजूबाला ने ताजिकिस्तान की मदीना घाफोरोवा को 5-0 से हराया।
मनोज को हालांकि वेल्टरवेट 69 किग्रा वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में किर्गिस्तान के अब्दुअखमान अब्दुरअखमानोव के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा जबकि शिव को लाइटवेट 60 किग्रा वर्ग में चीन के जुन शान ने एक मिनट के अंदर हरा दिया।
यहां पढ़िए लाइव अपडेट्स
भारतीय टीम के लिए बुरी खबर। 10000 मीटर में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले गणेशन लक्ष्मणन को डिस्क्ववालीफाय किया गया। उन पर लेन बदलने का आरोप।
गणेशन लक्ष्मणन ने भारत को ट्रैक एंड फिल्ड में एक और पदक दिलवाया। उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता लगभग 20 साल बाद भारत ने 10000 मीटर फाइनल इवेंट में कोई खिताब जीता है।
IT'S A NEW #INDIA RECORD, AND IT'S NONE OTHER THAN @HimaDas8 ONCE AGAIN- 50.79s in 400m Finals at #AsianGames2018 #EnergyOfAsia
— Athletics Federation of India (@afiindia) August 26, 2018
First #Indian women to run 400m under 51.00s mark, what a champion👏@ESPNIndia @SPN_Action @SPNSportsIndia @IndiaSports @Media_SAI pic.twitter.com/1FOTJp0T1m
- भारत के मोहम्मद अनस ने पुरुषों की 400 मीटर फाइनल रेस में भारत को सिल्वर मेडल दिलाया। भारत के अब कुल पदक 35 हो गए हैं।
- हिमा दास ने महिलाओं की 400 मीटर रेस में सिल्वर मेडल जीता। भारत के एशियाई खेल 2018 में अब कुल 34 मेडल हो चुके हैं, जिसमें 7 गोल्ड, 8 सिल्वर और 19 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
-तीरंदाजी- भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम ने तीरंदाजी में चीनी ताइपे को सेमीफाइनल में हराते हुए फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबला फेवरेट मानी जा रही कोरिया से होगा। सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 230 का स्कोर बनाया जबकि चीनी ताइपे 227 पर ही सिमट गई।
- पीवी सिंधु ने रचा इतिहास। एशियाई खेलों में बैडमिंटन महिला सिंगल्स में साइना के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी भारतीय महिला शटलर बनी।
- भारतीय मुक्केबाज मनोज कुमार पुरुषों की वेल्टर स्पर्धा के अंतिम-16 राउंड में किर्गिस्तान के अब्दुरखमान से 0-5 से हार गए हैं। मनोज 69 किग्रा वर्ग में स्पर्धा कर रहे थे।
- भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम को अपने दूसरे मैच में चीन के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा है। मधुरिका पाटकर की तीसरे मैच में मंग्यू वांग के हाथों शिकस्त के साथ ही भारत की हार तय हो गई। चीन ने भारत को 3-0 के अंतर से हराया। मधुरिका 4-11, 4-11, 2-11 के अंतर से हारीं। इससे पहले भारत ने कतर को 3-0 से मात दी थी।
- शिराज शेख और अंगद वीर सिंह बाजवा पुरुषों की स्कीट फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके हैं। इसी के साथ भारत का शूटिंग में अभियान समाप्त हो गया है। निशानेबाजी में भारत ने 2 गोल्ड, 4 सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज सहित कुल 9 मेडल जीते।
- भारत की महिला कंपाउंड टीम तीरंदाजी कंपाउंड स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गई है, जहां उसका मुकाबला कोरिया से होगा। भारत ने सेमीफाइनल में चीनी ताइपे को 225-222 के अंतर से मात दी। भारत की कंपाउंड टीम का प्रतिनिधित्व मुस्कान किरार, मधुमिता कुमारी और ज्योति सुरेखा वेन्नम कर रही हैं।
- साइना नेहवाल ने थाईलैंड की रत्चानोक इंतानोन को क्वार्टरफाइनल में 21-18, 21-16 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया और भारत के लिए कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर दिया।
- वॉलीबॉल में भारतीय पुरुष टीम प्री-क्वार्टरफाइनल में जापान के हाथों 1-3 से शिकस्त खा बैठी। जापान ने चार सेटों में 25-23, 25-22, 23-25, 25-20 के अंतर से भारत को मात दी।
- भारत की महिला तीरंदाजों ने कंपाउंड महिला टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहीं मुस्कान किरार, मधुमिता कुमारी और ज्याति सुरेखा वेन्नम ने इंडोनेशिया को 229-224 के अंतर से मात दी।
- भारत के अब कुल 31 मेडल हो चुके हैं। भारत के खाते में 7 गोल्ड, 7 सिल्वर और 17 ब्रॉन्ज मेडल आए हैं। मेडल तालिका में भारत 9वें स्थान पर पहुंच गया है।
- फाउद मिर्जा ने आठवें दिन भारत को दिलाया पहला मेडल। घुड़सवारी की जंपिंग व्यक्तिगत स्पर्धा में जीता सिल्वर मेडल। भारत ने टीम स्पर्धा में जीता सिल्वर मेडल। घुड़सवारी के जंपिंग फाइनल टीम इवेंट में फाउद मिर्जा, राकेश कुमार, आशीष मलिक और जितेंद्र सिंह ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
- महिला स्कीट फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई गनेमत सेखोन और रश्मि राठौड़। क्वालिफिकेशन में गनेमत 10वें जबकि रश्मि 12वें स्थान पर रही।
- पुरुष स्कीट क्वालिफिकेशन दूसरा दिन- शिराज शेख छठें से 12वें स्थान पर फिसले जबकि अंगद उनके पीछे 14वें स्थान पर है।
- भारतीय पुरुष टीम हैंडबॉल के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में चीनी ताइपे से 31-35 से शिकस्त खा बैठी।
- भारतीय टीम पुरुषों की ब्रिज स्पर्धा के पहले सेमीफाइनल में 25.67 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रही। सिंगापुर शीर्ष पर रहा।
- भारतीय टीम मिक्स्ड टीम इवेंट के पहले सेमीफाइनल में 69.67 स्कोर के साथ शीर्ष पर रही। चीन 45.00 के स्कोर के साथ दूसरे नंबर पर रहा।
- भारत और चीनी ताइपे के बीच हैंडबॉल का मैच बेहद रोमांचक हो रहा है। हालांकि, हाफ टाइम तक भारतीय टीम 12-15 से पिछड़ रही है।
- भारत ने कैनोए स्पर्धा की टीबीआर 500 मीटर पुरुष सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। रापचेज राउंड में भारत ने 2:23.162 के समय में पूरा किया।
- आर्चरी से आई खुशखबरी: रजत चौहान, अमन सैनी और अभिषेक वर्मा ने पुरुषों की कंपाउंड टीम स्पर्धा में भारत को कतर पर 227-213 की जीत दिलाते हुए क्वार्टरफाइनल में पहुंचाया।
- महिला स्कीट क्वालिफिकेश दूसरा दिन- रश्मि राठौड़ और गनेमत सेखोन की शीर्ष-10 में वापसी। रश्मि ने 0.910 की औसत के साथ 8वां जबकि गनेमत ने 0.908 की औसत के साथ 9वां स्थान हासिल किया।
- भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने महिला टीम स्पर्धा के अपने पहले मैच में कतर को 3-0 से मात दी। सुर्थिता मुखर्जी ने माहा फरमर्जी को 11-3, 11-3, 11-6 से मात दी।
- अनु राघवन ने 56.77 मार्क के साथ महिलाओं की 400 मीटर हर्डल स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
- जौना मुरमु हीट 1 से डिस्क्वालिफाई हुई और महिलाओं की 400 मीटर हर्डल के फाइनल में पहुंचने से चूकी।
- भारतीय टीम को पुरुषों के रेगू ग्रुप मुकाबले में दूसरी शिकस्त झेलनी पड़ी। मलेशिया के हाथों भारत 0-2 से हारा। इससे पहले भारत को इसी अंतर से कोरिया के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
- भारत कैनोए स्पर्धा के टीबीआर 500 मीटर पुरुष सेमीफाइनल्स में क्वालिफाई करने से चूका, लेकिन हीट 1 में छठें स्थान पर रहने की वजह से वह रापचेज राउंड के लिए जगह बना चुका है। भारत ने हीट 1 2:24.806 के समय में पूरी की।
- पुरुष स्कीट क्वालिफिकेश दूसरा दिन - शीराज शेख ने 0.968 की औसत के साथ टॉप-10 में एंट्री की। अंगद 0.940 की औसत के साथ 17वें स्थान पर खिसके।
- भारत को आठवें दिन एथलेटिक्स में इनसे है मेडल की उम्मीद
पुरुष लांग जंप - श्रीशंकर
महिला 400 मीटर फाइनल - हिमा दास और निर्मला शेओरन
पुरुष 400 मीटर फाइनल - मोहम्मद अनस, राजीव अरोकिया
पुरुष 10,000 मीटर - गोविंदन लक्ष्मणन
- ब्रिज स्पर्धा का सेमीफाइनल शुरू हो चुका है। भारतीय पुरुष टीम और मिक्स्ड टीम का पहला सेमीफाइनल शुरू हो चुका है। भारत ने पहले ही दो ब्रॉन्ज मेडल पक्के कर दिए हैं।
- पुरुषों की स्कीट क्वालिफिकेशन का दूसरा दिन शुरू हो चुका है। भारतीय शूटर्स शीर्ष-10 से बाहर चल रहे हैं। शीराज शेख 11वें स्थान पर हैं जबकि अंगद वीर सिंह बाजवा 14वें स्थान पर हैं।
- भारतीय महिला गोल्फ टीम 9वें स्थान पर है। व्यक्तिगत में भारत की ऋधिमा दिलावरी 20वें स्थान पर हैं।
- भारतीय पुरुषों की गोल्फ में अच्छी शुरुआत नहीं हुई है। दो राउंड में वह अच्छी स्थिति में थे। चौथे राउंड में भारतीय टीम पांचवें स्थान पर है। व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर आदिल बेदी और रेहान जॉन थॉमस 10वें स्थान पर हैं।
- महिलाओं की स्कीट क्वालिफिकेश का दूसरा दिन शुरू हो गया है। भारत की रश्मि राठौड़ 0.910 की औसत के साथ 9वें स्थान पर हैं जबकि गनेमत सेखोन 0.900 की औसत के साथ 11वें स्थान पर खिसक गई हैं।