{"_id":"6a5a1ceae375f553ea04ae3a","slug":"15-year-old-national-level-shooter-damayanti-sen-goes-missing-from-howrah-station-police-launch-search-2026-07-17","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"पश्चिम बंगाल: हावड़ा स्टेशन से राष्ट्रीय स्तर की 15 वर्षीय शूटर दमयंती सेन लापता, तलाश में जुटी पुलिस","category":{"title":"Other Sports","title_hn":"अन्य खेल","slug":"other-sports"}}
पश्चिम बंगाल: हावड़ा स्टेशन से राष्ट्रीय स्तर की 15 वर्षीय शूटर दमयंती सेन लापता, तलाश में जुटी पुलिस
Fri, 17 Jul 2026 05:45 PM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हावड़ा
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हावड़ा
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Fri, 17 Jul 2026 05:45 PM IST
सार
दमयंती के अचानक लापता होने से उनके माता-पिता गहरे सदमे में हैं। उनके दोस्त, पड़ोसी और शूटिंग समुदाय के साथी भी लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।
विज्ञापन
दमयंती
- फोटो : IANS
विस्तार
पश्चिम बंगाल के खेल जगत में उस समय चिंता की लहर दौड़ गई जब राष्ट्रीय स्तर की 15 वर्षीय शूटर दमयंती सेन रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं। हाल ही में राष्ट्रीय टीम के ट्रायल के लिए चयनित दमयंती गुरुवार दोपहर अपने घर से घरेलू सामान खरीदने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। शुक्रवार सुबह तक उनका कोई सुराग नहीं मिला।
विज्ञापन
परिजनों के मुताबिक, दमयंती अपने घर से मोबाइल फोन लेकर निकली थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं पहुंचीं, तो परिवार ने पहले रिश्तेदारों, दोस्तों और शूटिंग अकादमी के साथियों से संपर्क कर उनकी जानकारी जुटाने की कोशिश की। हर प्रयास विफल होने पर परिजनों ने स्थानीय पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
विज्ञापन
विज्ञापन
शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास के इलाकों के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान हावड़ा स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में दमयंती को प्लेटफॉर्म संख्या चार और पांच के बीच घूमते हुए देखा गया। पुलिस का कहना है कि यही वह आखिरी स्थान है, जहां उन्हें देखा गया था। इसके बाद वह किस दिशा में गईं या किसके साथ गईं, इसका अभी तक कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दमयंती सेन सेंट्रल हावड़ा के उमाचरण भट्टाचार्जी लेन इलाके की निवासी हैं। जांच के दौरान परिवार ने बताया कि राष्ट्रीय टीम के ट्रायल के लिए चयन होने के बाद वह नियमित रूप से सुबह जल्दी उठकर अभ्यास कर रही थीं और अपने खेल करियर को लेकर बेहद गंभीर थीं। परिजनों ने यह भी स्पष्ट किया कि हाल के दिनों में उनका परिवार के किसी सदस्य से कोई विवाद या तनाव नहीं था, जिससे उनके अचानक घर छोड़ने की कोई वजह सामने नहीं आती।
दमयंती के अचानक लापता होने से उनके माता-पिता गहरे सदमे में हैं। उनके दोस्त, पड़ोसी और शूटिंग समुदाय के साथी भी लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और रेलवे स्टेशन के आसपास के सीसीटीवी, मोबाइल फोन की लोकेशन तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश में जुटी हुई है।