प्रो वॉलीबाल लीग में अहमदाबाद डिफेंडर्स के कोच बने रोहड़ू के देवेंद्र
प्रो वॉलीबाल लीग में रोहड़ू के देवेंद्र चौहान अहमदाबाद डिफेंडर्स टीम के कोच होंगे। दो फरवरी को केरल में वॉलीबाल लीग शुरू होगी। प्रो वॉलीबाल लीग के लिए हुई नीलामी में भी कोच देवेंद्र चौहान ने अहमदाबाद टीम के लिए खिलाड़ियों के चयन में मुख्य भूमिका निभाई।
प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर वॉलीबाल लीग दो फरवरी, 2019 से शुरू हो रही है। 20 फरवरी तक चलने वाली लीग में कुल छह टीमों को शामिल किया गया है। इनमें अहमदाबाद डिफेंडर्स, केरला कैलिकट हिरोस, चेन्नई स्पार्टन, हैदराबाद, कोची ब्लू स्पाइकर्स, यू-मुंबा की टीमें शामिल हैं। अहमदाबाद डिफेंडर्स के वॉलीबाल कोच की भूमिका रोहड़ू के शरोग निवासी देवेंद्र चौहान निभाएंगे।
मौजूदा समय में देवेंद्र चौहान स्पोर्ट्स हॉस्टल रोहड़ू के वॉलीबाल कोच हैं। शिक्षा विभाग में वर्ष 2003 से सेवाएं दे रहे हैं। देवेंद्र चौहान जूनियर भारतीय वॉलीबाल टीम के कोच भी रहे हैं। अहमदाबाद टीम के नवनियुक्त वॉलीबाल कोच देेवेंद्र चौहान ने बताया कि प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर अब प्रो वॉलीबाल लीग शुरू हो रही है।
इससे वॉलीबाल खेल को एक नई पहचान मिलेगी। लीग के लिए खिलाड़ियों का चयन सभी टीमों की ओर से कर दिया गया है। लीग के लिए सबसे महंगा खिलाड़ी अहमदाबाद टीम ने खरीदा है।
पंजाब के रंजीत सिंह को सबसे अधिक 13 लाख में खरीदकर अहमदाबाद ने अपनी टीम में शामिल किया है। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद टीम के कोच बनने से वे काफी खुश हैं। 15 जनवरी से टीम प्रैक्टिस आरंभ होगी।