हॉकी विश्व कपः ऑस्ट्रेलिया-नीदरलैंड के बीच रोचक संघर्ष की आस, बेल्जियम की निगाह फाइनल पर
मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और उपविजेता नीदरलैंड के बीच शनिवार को हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में रोमांचक जंग देखने को मिलेगी। ब्लैक गोवर्स, कप्तान एरन जेलवस्की, ट्रेंट मिंटन में मैदानी गोल के साथ पेनाल्टी कॉर्नर बनाने में माहिर स्ट्राइकर और जेरमी हेवर्ड के रूप बढ़िया ड्रैग फ्लिकर की मौजूदगी में ऑस्ट्रेलिया बतौर टीम हर लिहाज से नीदरलैंड से बेहतर नजर आ रही है।
ऑस्ट्रेलिया 11वीं और नीदरलैंड दसवीं बार सेमीफाइनल खेलेंगे। दोनों का ही लक्ष्य पाकिस्तान के सर्वाधिक चार बार विश्व विजेता बनने के रिकॉर्ड की बराबरी करने पर है। दुनिया की नंबर एक टीम ऑस्ट्रेलिया ने चौथे नंबर की टीम नीदरलैंड को उसी के घर हेग में 6-1 से धोकर लगातार दूसरी बार विश्व खिताब जीता था। नीदरलैंड उस हार का हिसाब भी बराबर करना चाहेगा।
मध्यपंक्ति है नीदरलैंड की ताकत
नीदरलैंड की ताकत उसकी मध्यपंक्ति है। बिली बाकर, वेलेंटाइन वर्गा और रॉबर्ट कैपरमैन की तिकड़ी ने अब तक टूर्नामेंट शानदार प्रदर्शन किया है। ये तीनों ही अपनी अग्रिम पंक्ति में सबसे ज्यादा चार गोल करने वाले थियरे ब्रिंकमैन और जेरोन हर्टबर्गर(3 गोल) के लिए मौके बनाते हैं।
20 गोल दाग चुका है नीदरलैंड
नीदरलैंड की टीम अब तक टूर्नामेंट में सर्वाधिक 20 गोल दाग चुकी है। वहीं ऑस्ट्रेलिया 19 गोल के साथ दूसरे नंबर पर है। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने नीदरलैंड से एक मैच कम खेला है। ऑस्ट्रेलिया के गोवर्स सर्वाधिक छह गोल दागकर टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर बने हुए हैं।
बेल्जियम की टक्कर इंग्लैंड से
दुनिया की तीसरे नंबर की टीम बेल्जियम की निगाह इंग्लैंड को मात देकर पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह बनाने पर होगी। बेल्जियम पहली बार तो इंग्लैंड चौथी बार सेमीफाइनल खेलेगा। दोनों ही टीमें यूरोप की टोटल हॉकी में यकीन करती हैं। इंग्लैंड को यहां तक पहुंचाने में उसके सबसे अनुभवी स्ट्राइकर बैरी मिडलटन का रोल अहम रहा है।
अपना चौथा और आखिरी विश्व कप खेल रहे मिडलटन की हसरत टीम को विश्व विजेता बनाकर विश्व कप से विदाई लेने का होगा। इसके लिए वह हर हाल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर टीम को बेल्जियम पर विजय दिलाकर फाइनल में पहुंचाना चाहेंगे। लियाम सैनफर्ड, लियाम एंसल, विल कैलनन और जेस गाल की कोशिश मिडलटन के बनाए अभियानों पर बेल्जियम के किले को बिखेर कर टीम को जल्द बढ़त दिलाने की होगी।
हालांकि बेल्जियम के गोलरक्षक विसेंट वनाश की मौजूदगी में ऐसा करना आसान नहीं होगा। इंग्लैंड के डेविड एस अैर फिर रोपर लंबे फ्लिक से गेंद को करीब 50 मीटर दूर तक फेंकने की क्षमता के कारण बेल्जियम के लिए खतरा सकते हैं।
इंग्लैंड बनाम बेल्जियम, शाम 4.45 बजे से
ऑस्ट्रेलिया बनाम नीदरलैंड , शाम 7.00 बजे से