सुलतान अजलान शाह कप: धुरंधर चोटिल, भारत ने युवाओं पर लगाया दांव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्ट्राइकर आकाशदीप सिंह, एसवी सुनील, ललित उपाध्याय और रमनदीप सिंह, डिफेंडर ड्रैग फ्लिकर रुपिंदर पाल सिंह, हरमनप्रीत सिंह और मिडफील्डर चिंगलेनसाना सिंह जैसे अनुभवी धुरंधरों चोट कारण उपलब्ध नहीं होने से भारत ने इपोह (मलयेशिया) में 23 से 30 मार्च तक होने वाले सुलतान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों पर दांव लगाया है। हॉकी इंडिया ने अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह की कप्तानी बरकरार रखी है।
अनुभवी डिफेंडर सुरेंद्र कुमार को पहली बार टीम की उपकप्तानी सौंपी गई है। विश्व कप में भारत मनप्रीत सिंह की अगुआई में छठे स्थान पर रहा था। भारत ने विश्व कप की टीम में पांच बदलाव किए हैं। भारत छह देशों के इस टूर्नामेंट में अपना अभियान 23 मार्च को एशियाई खेलों के चैंपियन जापान के खिलाफ करेगा। टूर्नामेंट में भारत के अलावा मलयेशिया, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका, जापान और कोरिया भाग लेंगी।
हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर डेविड जॉन ने कहा कि हमारी बदकिस्मती है कि कई धुरंधर खिलाड़ी चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। इन सभी का जून में भुवनेश्वर में होने वाले एफआईएच सीरीज फाइनल्स के लिए फिट होना जरूरी है। हमारे लिए यह टूर्नामेंट 2020 टोक्यो ओलंपिक में जगह बनाने के मद्देनजर खासा अहम है। सभी चोटग्रस्त खिलाड़ी बंगलूरू में रहेंगे और पूरी तरह फिट होने में जुटे रहेंगे।
टीम :
गोलरक्षक : पीआर श्रीजेश, कृष्ण बहादुर पाठक।
रक्षापंक्ति : गुरिंदर सिंह, सुरेंद्र कुमार (उपकप्तान), वरुण कुमार, बीरेंद्र लाकड़ा, अमित रोहिदास, कोथाजीत सिंह।
मध्यपंक्ति : मनप्रीत सिंह (कप्तान),नीलकांत शर्मा, सुमित, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद।
अग्रिम पंक्ति : मनदीप सिंह, सिमरनजीत सिंह, गुरजंत सिंह,सुमित कुमार, शिलानंद लाकड़ा।
भारत का कार्यक्रम
23 से 30 मार्च तक मलयेशिया के इपोह में होगा छह टीमों का टूर्नामेंट
23 मार्च जापान
24 मार्च कोरिया
26 मार्च मलयेशिया
27 मार्च कनाडा
29 मार्च दक्षिण अफ्रीका