CWG 2026 Medals Tally: गावित के स्वर्ण के बाद भारत तालिका में किस स्थान पर, किस खिलाड़ी ने दिलाया कौन सा मेडल?
Commonwealth Games Medal Tally Update : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सातवें दिन भारत ने एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर अपना कुल पदक आंकड़ा 15 तक पहुंचा दिया। भारत तीन स्वर्ण, नौ रजत और तीन कांस्य के साथ पदक तालिका में आठवें स्थान पर बना हुआ है। ऑस्ट्रेलिया 103 पदकों के साथ शीर्ष पर कायम है।
विस्तार
ग्लास्गो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सातवें दिन भारत के लिए शानदार रहा। पैरा एथलीट दिलीप महादू गावित ने पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि मुरली श्रीशंकर ने पुरुष लंबी कूद में लगातार दूसरे राष्ट्रमंडल खेलों का रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा भारतीय मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम 10 पदक भी पक्के कर लिए। इन तीन पदकों के साथ भारत का कुल पदक आंकड़ा 15 पहुंच गया है। भारत के खाते में अब तीन स्वर्ण, नौ रजत और तीन कांस्य पदक हैं। इसके बावजूद भारतीय दल पदक तालिका में आठवें स्थान पर बना हुआ है।
ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर, कनाडा दूसरे स्थान पर
- पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा लगातार कायम है।
- ऑस्ट्रेलियाई दल ने अब तक 47 स्वर्ण, 21 रजत और 35 कांस्य सहित कुल 103 पदक जीत लिए हैं।
- कनाडा 14 स्वर्ण, 11 रजत और 14 कांस्य समेत कुल 39 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
- इंग्लैंड के पास भले ही कनाडा से कम स्वर्ण (12) हों, लेकिन कुल 56 पदकों के साथ वह तीसरे स्थान पर बना हुआ है।
- मेजबान स्कॉटलैंड नौ स्वर्ण सहित 23 पदकों के साथ चौथे स्थान पर है।
- नाइजीरिया (7 स्वर्ण) पांचवें, दक्षिण अफ्रीका छठे और मलयेशिया सातवें स्थान पर हैं।
- भारत आठवें स्थान पर है, जबकि न्यूजीलैंड और जमैका शीर्ष-10 में शामिल हैं।
| रैंक | देश | स्वर्ण | रजत | कांस्य | कुल पदक |
|---|---|---|---|---|---|
| 1 | ऑस्ट्रेलिया | 47 | 21 | 35 | 103 |
| 2 | कनाडा | 14 | 11 | 14 | 39 |
| 3 | इंग्लैंड | 12 | 27 | 17 | 56 |
| 4 | स्कॉटलैंड | 9 | 7 | 7 | 23 |
| 5 | नाइजीरिया | 7 | 5 | 2 | 14 |
| 6 | दक्षिण अफ्रीका | 6 | 8 | 8 | 22 |
| 7 | मलयेशिया | 6 | 2 | 3 | 11 |
| 8 | भारत | 3 | 9 | 3 | 15 |
| 9 | न्यूजीलैंड | 3 | 7 | 4 | 14 |
| 10 | जमैका | 3 | 0 | 1 | 4 |
भारत के तीनों स्वर्ण किन खिलाड़ियों ने जीते?
भारत के अब तक के तीनों स्वर्ण पदक अलग-अलग खेलों से आए हैं।
- मीराबाई चानू – महिला 48 किग्रा वेटलिफ्टिंग
- शर्मिला धनखड़ – पैरा एथलेटिक्स (महिला शॉट पुट F57)
- दिलीप महादू गावित – पैरा एथलेटिक्स (पुरुष 100 मीटर T47)
आने वाले दिनों में एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग और बॉक्सिंग में भारत के पास पदकों की संख्या बढ़ाने का शानदार मौका रहेगा।
अब तक के भारत के सभी पदक विजेता
| क्रम | खिलाड़ी | स्पर्धा | खेल | पदक |
|---|---|---|---|---|
| 1 | झंडू कुमार | पुरुष हेवीवेट | पैरा पावरलिफ्टिंग | कांस्य |
| 2 | ऋषिकांत सिंह | पुरुष 60 किग्रा | भारोत्तोलन | रजत |
| 3 | मीराबाई चानू | महिला 48 किग्रा | भारोत्तोलन | स्वर्ण |
| 4 | राजा मुथुपांडी | पुरुष 65 किग्रा | भारोत्तोलन | रजत |
| 5 | ज्ञानेश्वरी यादव | महिला 53 किग्रा | भारोत्तोलन | रजत |
| 6 | बिंदियारानी देवी | महिला 58 किग्रा | भारोत्तोलन | कांस्य |
| 7 | शर्मिला धनखड़ | महिला शॉट पुट F57 | पैरा एथलेटिक्स | स्वर्ण |
| 8 | सरवेश कुशारे | पुरुष हाई जंप | एथलेटिक्स | रजत |
| 9 | शिल्पा के. शायला | महिला शॉट पुट F57 | पैरा एथलेटिक्स | कांस्य |
| 10 | वल्लुरी अजया बाबू | पुरुष 79 किग्रा | भारोत्तोलन | रजत |
| 11 | हरजिंदर कौर | महिला 69 किग्रा | भारोत्तोलन | रजत |
| 12 | गुलवीर सिंह | पुरुष 10,000 मीटर | एथलेटिक्स | रजत |
| 13 | मुरली श्रीशंकर | पुरुष लंबी कूद | एथलेटिक्स | रजत |
| 14 | दिलीप गावित | पुरुष 100 मीटर टी47 | पैरा एथलेटिक्स | स्वर्ण |
| 15 | मोहम्मद बासिल | पुरुष 100 मीटर टी47 | पैरा एथलेटिक्स | रजत |
खेलवार भारत का प्रदर्शन
| खेल | स्वर्ण | रजत | कांस्य | कुल |
|---|---|---|---|---|
| भारोत्तोलन | 1 | 5 | 1 | 7 |
| एथलेटिक्स | 0 | 3 | 0 | 3 |
| पैरा एथलेटिक्स | 2 | 1 | 1 | 4 |
| पैरा पावरलिफ्टिंग | 0 | 0 | 1 | 1 |
| कुल | 3 | 9 | 3 | 15 |