साइना नेहवाल की निगाहें सत्र का पहले खिताब पर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय महिला स्टार शटलर साइना नेहवाल की नजरें इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर सत्र का पहला खिताब जीतने पर लगी होंगी।
इस प्रतियोगिता की शुरुआत सोमवार से क्वालीफायर्स के जरिए होगी। टखने में चोट की वजह से साइना कुछ टूर्नामेंट में नहीं खेल सकी हैं लेकिन अब वह चोट से पूरी तरह उबर चुकी हैं।
चोट से उबरने के बाद साइना ने कुछ टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भी प्रवेश किया जिनमें इंडिया ओपन, मलयेशिया ओपन और एशियाई चैंपियनशिप शामिल है। भारतीय टीम ने उबेर कप में कांस्य पदक जीता था। इस दौरान साइना ने लीग स्तर पर अपने सभी मुकाबले जीते थे। लेकिन वह नॉकआउट में थाईलैंड की रतनाचोक इंतानोन और चीन की ली ज्युरेई से हार गई थीं।
साइना यहां तीन बार चैंपियन रह चुकी हैं। पहली बार उन्होंने यहां 2009 में जबकि दूसरी बार 2010 में खिताब जीता था। साइना आखिरी बार यहां 2012 में चैंपियन बनी थीं। वह शीर्ष खिलाड़ियों के बीच चौथी बार इस खिताब को अपने नाम करना चाहेंगी।
इस प्रतियोगिता में वह अपने अभियान की शुरुआत चीनी ताइपे की पाई यू पो के खिलाफ मंगलवार को करेंगी। पीवी सिंधू, के श्रीकांत और अजय जयराम ने इस मुकाबले में भाग नहीं लेने का फैसला किया है।
ज्वाला और अश्विनी से होगी उम्मीदें
रियो ओलंपिक के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर चुकीं ज्वाला गट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी महिला युगल वर्ग में अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया के फेब्रियाना द्वीपुजी सुमा और रिबका सुगियार्तो के खिलाफ करेगी। पुरुषों की युगल स्पर्धा के पहले दौर में मनू अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी फिलीपींस के पीटर ग्रैब्रियल मागनाये और अल्विन मोरादा के खिलाफ भिड़ेगी।
पुरुष एकल में समीर वर्मा होंगे एकमात्र भारतीय
इस प्रतियोगिता के पुरुष एकल स्पर्धा में समीर वर्मा एकमात्र भारतीय खिलाड़ी होंगे। कई भारतीय खिलाड़ियों ने आगामी व्यस्त कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए इस टूर्नामेंट में नहीं खेलने का फैसला किया है तो कई खिलाड़ी चोट से उबर रहे हैं।