Dhanteras 2024: धनतेरस पर खरीदने जा रहे हैं वाहन, नोट कर लें शुभ मुहूर्त
धनतेरस के दिन बहुत से लोग सोना-चांदी खरीदते हैं तो वहीं कई लोग वाहन खरीदते हैं। माना जाता है कि धनतेरस पर खरीदा गया वाहन सुख और सफलता प्रदान करता है। आइए जानते हैं कि धनतेरस 2024 के दिन वाहन खरीदने का शुभ मुहूर्त क्या है।
विस्तार
Dhanteras 2024: कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। यह पांच दिवसीय दिवाली के त्योहार का पहला दिन होता है। इसके बाद से ही त्योहार शुरू हो जाते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन समुद्र से भगवान धन्वंतरि हाथ में सोने का कलश लेकर प्रकट हुए थे, इसलिए इस दिन धन में वृद्धि के लिए सोना, चांदी, बर्तन, वाहन, घर, भूमि आदि खरीदने की परंपरा चली आ रही है।
धनतेरस के दिन बहुत से लोग सोना-चांदी खरीदते हैं तो कई लोग वाहन भी खरीदते हैं। मान्यता है कि धनतेरस पर कोई भी वस्तु खरीदकर लाने से घर में उसके 13 गुना धन की वृद्धि होती है। माना जाता है कि धनतेरस पर खरीदा गया वाहन सुख और सफलता प्रदान करता है। वहीं अगर धनतेरस के दिन वाहन शुभ मुहूर्त में खरीदा जाए तो यह और भी शुभ माना जाता है। आइए जानते हैं कि धनतेरस 2024 के दिन वाहन खरीदने का शुभ मुहूर्त क्या है।
वाहन खरीदने का मुहूर्त
इस साल धनतेरस का पर्व 29 अक्तूबर 2024 को मनाया जाएगा। यूं तो खरीदारी के लिए धनतेरस का पूरा दिन शुभ माना जाता है, लेकिन 29 अक्तूबर को सुबह 10.31 से लेकर 30 अक्तूबर को दोपहर 01.15 तक खरीदारी का मुहूर्त है।
चर (सामान्य) - सुबह 09:18 - सुबह 10.41
लाभ (उन्नति) - सुबह 10.41 - दोपहर 12.05
अमृत (सर्वोत्तम) - दोपहर 12.05 - दोपहर 01.28
लाभ (उन्नति) - रात 7.15 - रात 08.51
वाहन खरीदने के बाद क्या करें?
- धनतेरस के दिन खरीदी गई गाड़ी की पूजा अवश्य करनी चाहिए। वाहन की पूजा किसी मंदिर में पुजारी या फिर घर में स्त्री से कराएं।
- धनतेरस पर जो लोग वाहन खरीदने जा रहे हैं, वह उसपर मौली और एक पीला कपड़ा अर्पित करें। बाद में इसे किसी ब्राह्मण को दान कर दें। पीला रंग बृहस्पति से संबंध रखता है और इससे सौभाग्य आता है।
- कार खरीदने के बाद पूजा करते समय उसपर स्वस्तिक का चिन्ह जरूर बनाएं और नारियल फोड़ने के बाद उसे चलाएं।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): ये लेख लोक मान्यताओं पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।
धनतेरस पर क्या खरीदें?
धनतेरस के दिन धातु से बनी चीजों को खरीदना चाहिए। जैसे सोना, चांदी, तांबा या पीतल की वस्तुएं। इस दिन बर्तन खरीदने की परंपरा भी है। शुभ मुहूर्त में इनकी खरीदारी से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और स्थायी रूप से घर में वास करती हैं। साथ ही कुबेर देवता भी प्रसन्न होकर धन की वर्षा करते हैं।