Pradosh Vrat 2024: शुभ योग में प्रदोष व्रत, इन पांच चीजों का दान करना होगा लाभकारी
Pradosh Vrat 2024: पंचांग के अनुसार हर माह के कृष्ण और शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखा जाता है।
विस्तार
Pradosh Vrat 2024: पंचांग के अनुसार हर माह के कृष्ण और शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखा जाता है। ये उपवास महादेव की पूजा को समर्पित है। इस दिन शिव परिवार की आराधना करने से जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती हैं। साथ ही दाम्पत्य जीवन सुखमय होता है। अश्विन माह में 15 अक्तूबर 2024 मंगलवार को प्रदोष व्रत है। इस दिन मंगलवार होने के कारण इसे भौम प्रदोष व्रत कहा जाएगा। इस दौरान महादेव के साथ-साथ हनुमान जी की पूजा करने से साधक को मानसिक और आर्थिक परेशानियों से छुटकारा मिलता है।
इस बार आश्विन माह के प्रदोष व्रत पर वृद्धि योग और पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र बन रहा है। साथ ही चन्द्रमा मीन राशि में रहेंगे। ऐसे में कुछ चीजों का दान करना और भी लाभकारी हो सकता है। इससे भाग्य में वृद्धि और आर्थिक लाभ की संभावना है। इसी कड़ी में आइए प्रदोष व्रत पर दान करने वाली चीजों के बारे में जानते हैं।
प्रदोष व्रत शुभ मुहूर्त
प्रदोष व्रत में पूजा के लिए शुभ मुहूर्त 15 अक्तूबर को शाम 05 बजकर 38 मिनट से लेकर रात 08 बजकर 13 मिनट तक है। इस दौरान आप भगवान शिव की पूजा कर सकते हैं।
प्रदोष व्रत पर करें इन पांच चीजों का दान
- प्रदोष व्रत पर सुहागिन महिलाओं को हरे रंग की चूड़ियां दान करनी चाहिए। मान्यता है कि इससे वैवाहिक जीवन सुखमय होता है। साथ ही पति-पत्नी के रिश्ते भी मजबूत होते हैं।
- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार प्रदोष व्रत पर सफेद चीजों का दान करना बेहद शुभ होता है। ऐसे में आप सफेद वस्त्र, दही व दूध का दान कर सकते हैं। इससे महादेव की कृपा बनी रहती हैं।
- इस दौरान आप अन्न का दान भी कर सकते हैं। इससे साधक के धन-दौलत में वृद्धि होती हैं। साथ ही जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।
- मान्यताओं के अनुसार प्रदोष व्रत पर काले तिल का दान करना चाहिए। ये महादेव को अति प्रिय हैं। इससे शिव जी के साथ-साथ शनिदेव की कृपा भी प्राप्त होती है।
- जीवन में वस्त्रों का दान सबसे बड़ा दान होता है। इससे सभी देवी-देवता प्रसन्न होते हैं। आप प्रदोष व्रत पर जरूरतमंद लोगों को वस्त्रों का दान कर सकते हैं। इससे जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): ये लेख लोक मान्यताओं पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।