सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
मेरठ में ठेकेदार की हत्या, जांच में जुटे पुलिस अधिकारी
मेरठ के गंगानगर थाने के पास नेहरू नगर में मजदूरी के पैसे मांगने पर ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने थाने और आरोपी के घर हंगामा किया। इस दौरान पीड़ित परिवार के एक युवक को इंस्पेक्टर ने थप्पड़ जड़ दिया। घटना के बाद आरोपी ने निर्माणाधीन मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की डिवाइस भी तोड़ दी और डीवीआर साथ ही लेकर फरार हो गया। सबूत मिटाने के लिए घर भी पानी से धो दिया। पुलिस अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
चित्रकूट जेल में मुकीम काला की हत्या
चित्रकूट जिला जेल रगौली में कैदी अंशुल दीक्षित ने फायरिंग कर मेराजुद्दीन और मुकीम काला की हत्या कर दी। मुकीम काला पश्चिम उत्तर प्रदेश का बड़ा बदमाश था। बात 2015 की है, जब कुख्यात मुकीम काला गैंग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा हरियाणा और पंजाब तक वारदात कर दहशत पैदा कर दी थी। सहारनपुर के तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में डकैती, सिपाही राहुल ढाका की हत्या और कैराना (शामली) में व्यापारियों से रंगदारी मांगने व हत्या करने के बाद मुकीम काला गैंग पुलिस के रडार पर आ गया। गैंग में 20 से ज्यादा बदमाश हैं, जिनमें कई बदमाश पुलिस मुठभेड़ों में ढेर हुए तो, कई जेलों में बंद हैं।
ईद-उल-फितर पर लोगों ने घरों में अदा की ईद की नमाज
पश्चिमी यूपी के बिजनौर और मुजफ्फरनगर में ईद का त्योहार सादगी के साथ मनाया गया। लोगों ने घरों में ही ईद की नमाज अदा की। ईदगाह और बाजारों में पुलिस तैनात रही। कहीं भी एक साथ पांच से अधिक लोगों को नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं थी। वहीं लोग एक दूसरे को मोबाइल पर वीडियो कॉल पर ही मुबारकबाद देते रहे।
यूपी के गांवों में तेजी से फैल रहा कोरोना संक्रमण
मेरठ के मवाना में नगर सहित 13 गांवों में 29, हस्तिनापुर में छह, दौराला में दो, सरधना में 17, माछरा में तीन और खरखौदा में 11 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जबकि दौराला क्षेत्र में ही एक महिला और एक पुरुष की कोरोना से मौत हो गई।
नहीं सुधर रहे हालात : लखनऊ से भी ज्यादा मेरठ में बढ़े कोरोना के मरीज
कोरोना के मामलों में पिछले 24 घंटे में मेरठ ने लखनऊ (856) को भी पीछे छोड़ दिया है। 12 मई की सुबह छह बजे से 13 मई की सुबह छह बजे तक 24 घंटे में मेरठ में 1070 नए मरीज मिले। 15 मरीजों की मौत हो गई। प्रदेश में ये सर्वाधिक संख्या है। मेरठ मंडल के दूसरे जिलों के हालात भी अच्छे नहीं हैं।
मुजफ्फरनगर में मरीज की मौत के बाद कोविड अस्पताल में हंगामा
मुजफ्फरनगर के आर्यपुरी में बनाए गए कोविड हॉस्पिटल सैनी हार्ट केयर पर मरीज की मौत के बाद हंगामा हो गया। आरोप है कि परिजनों ने हिसाब पूछा तो चिकित्सक के भाई और स्टाफ ने तीमारदारों के साथ मारपीट करते हुए उन पर फायरिंग की। पुलिस ने पीड़ित परिवार के ही दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
मेरठ में ब्लैक फंगस के पांच और मरीज मिले
मेरठ जिले में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार को पांच और मरीजों को ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। इनमें चार मरीज न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती हैं और तीन का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। बिजनौर निवासी एक मरीज को पुष्टि होते ही परिजन किसी दूसरे अस्पताल में ले गए थे। इस तरह से मेरठ में आठ मामले सामने आ चुके हैं।
मेरठ में आरवीसी सेंटर में ड्यूटी पर तैनात सैन्य जवान सहित तीन ने जान दी
मेरठ कैंट क्षेत्र, दौराला और मोदीपुरम क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात सैन्य जवान सहित तीन लोगों ने आत्महत्या कर ली। दौराला में पति से विवाद के बाद महिला ने और मोदीपुरम में पत्नी से विवाद के चलते बुजुर्ग व्यक्ति ने खुदकुशी कर ली। इनमें सैन्य जवान दो दिन पहले ही काशीपुर से दो दिन की छुट्टी काटकर लौटा था। उसने इंसास ने खुद को गोली मारी। पुलिस ने इस मामले सहित अन्य घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।
... Read More