फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

बारिश के बाद तबाही का मंजर: नदी-नाले उफान पर...45 घरों में घुसा गंदा पानी, बच्चे समेत चार बहे; देखिए तस्वीरें

Thu, 01 Aug 2024 11:13 AM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल
अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल Published by: हीरा मेहरा Updated Thu, 01 Aug 2024 11:13 AM IST
सार

मंगलवार देर रात से शुरू हुई बारिश बुधवार देर रात तक कभी हल्की तो कभी मूसलाधार रफ्तार से होती रही। कई जगह नदी-नाले और रपटे उफान पर आ गए। वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण हल्द्वानी में 45 घरों में पानी घुस गया है।

विज्ञापन
Uttarakhand Weather: Dirty water entered houses after heavy rains in nainital
कुमाऊं में बारिश का कहर - फोटो : अमर उजाला

 

कुछ दिनों की राहत के बाद मंगलवार देर रात से मौसम ने फिर करवट बदली। मंगलवार देर रात से शुरू हुई बारिश बुधवार देर रात तक कभी हल्की तो कभी मूसलाधार रफ्तार से होती रही। कई जगह नदी-नाले और रपटे उफान पर आ गए। वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण हल्द्वानी में 45 घरों में पानी घुस गया है। हल्द्वानी-रामनगर मार्ग पर चकलुवा के पास तेज बारिश के कारण पुलिया के पास सड़क का हिस्सा तीसरी बार बह गया। हल्द्वानी में एक बच्चा नाले में बह गया, उसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। दमुवाढूंगा अंबेडकर पार्क के पास एक युवक बाइक समेत बह गया जिसे लोगों ने बचा लिया। कालाढूंगी में कार नाले में बह गई उसमें सवार दो लोगों को बमुश्किल बचा लिया गया। भीमताल में पहाड़ से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा नैनीताल, भीमताल, रामनगर समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। जिला प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए बृहस्पतिवार को भी कक्षा एक से कक्षा 12 तक के सरकारी, गैर सरकारी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश जारी किया है।

शनि बाजार इंदिरानगर निवासी हसनैन यहां परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार को हसनैन की पत्नी ने करीब शाम को 4:40 बजे आठ साल के बेटे रिजवान को चीनी लेने के लिए दुकान पर भेजा। मंगलवार रात से हो रही बारिश की वजह से नाला उफान पर था। बच्चा अचानक नाले में गिर गया। उसके नाले में गिरते ही पास में खड़े दो बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया। पास के दुकानदारों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल और बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी टीम के साथ पहुंचे। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुला लिया गया। समाचार लिखे जाने तक बच्चे का कहीं पता नहीं चल पाया था। हालांकि शुरुआत में शोर मचाने वाले बच्चे अपना बयान बदलते रहे जिससे पुलिस और लोग संशय में रहे कि रिजवान डूबा है या नहीं।

उधर दमुवाढूंगा अंबेडकर पार्क का नाला भी उफान पर बह रहा था। शाम करीब छह बजे दमुवाढूंगा निवासी विजय अपनी बाइक से घर जा रहा था। नाला पार करने के दौरान पानी के तेज बहाव में वह बाइक सहित बह गया। मौके पर मौजूद लक्ष्मण, रिंकू, नीरज, अनिल, आशीष, रोहित कुमार आदि ने कूदकर विजय को बचाया। पानी कम होने के बाद रस्सियों के सहारे बाइक को भी निकाल लिया गया।

इधर कालाढूंगी स्थित मेथी शाह नाले में तेज बहाव में एक कार बह गई। कार में सवार दो लोगों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं कार बहने की सूचना से लोगों में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बहती कार की लाइट जलने की वजह से सभी लोग परेशान थे कि आखिर कार सवारों को कैसे बचाया जाए। हालांकि थोड़ी पड़ताल के बाद पता चला कि कार में सवार लोग समय रहते ही कार से निकल चुके थे जिस पर पुलिस और लोगों ने राहत की सांस ली।

थानाध्यक्ष भगवान सिंह महर ने बताया कि कार में गदरपुर के दो लोग रियाज और रिजवान थे जो मौसम खराब होने की वजह से रिजॉर्ट की तलाश में निकले थे लेकिन मेथी शाह नाले में आए उफान में उनकी कार बहने लगी जिस पर उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई। नाले में बहाव तेज होने के कारण समाचार लिखे जाने तक कार को निकाला नहीं जा सका था।

Uttarakhand Weather: Dirty water entered houses after heavy rains in nainital
बारिश के बाद सड़क में पानी भरा - फोटो : अमर उजाला

उडियारी में पहाड़ से पत्थर गिरने से अधेड़ की मौत
भीमताल के ब्लॉक की ग्राम पंचायत उडियारी पल्लाधार में मंगलवार की शाम को जंगल में मवेशी चराते पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से लालराम (48) पुत्र बच्चीराम की मौत हो गई। खनस्यू थानाध्यक्ष रोहिताश सागर ने बताया कि शाम तक लालराम के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। इस पर उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान लालराम जंगल में मृत अवस्था में मिले। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों की ओर से फिलहाल पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई है।

पुलिया के पास तीसरी बार बही सड़क, हल्द्वानी-रामनगर रोड बंद
चकलुवा के पास एक बार फिर नाले में आए तेज बहाव के कारण सड़क का एक हिस्सा बह गया। पुलिया के नीचे बनी बेस की दीवार भी बह गई है जिस कारण पुलिया की स्लैब दूसरी ओर को झुक गई। लोनिवि ने सड़क को यातायात के लिए बंद कर दिया है। लोनिवि अब यहां पर बैली ब्रिज बनाएगा।

बारिश के कारण जंगल से आए पानी के तेज बहाव ने चकलुवा के पास रामनगर-कालाढूंगी-हल्द्वानी मार्ग पर बनी पुलिया को भारी नुकसान पहुंचाया। पानी के कारण सड़क का एक हिस्सा बह गया। पुलिया के ऊपर बनी स्लैब भी दूसरी ओर को झुक गई है। सूचना पर लोनिवि के अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। क्रेन लगाकर पुलिया के स्लैब बचाने के लिए उसके नीचे लोहे का बेस लगाया गया है। लोनिवि के ईई अशोक कुमार ने बताया कि फिलहाल यहां पर बैली ब्रिज बनाया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीन दिन के अंदर सड़क को खोल दिया जाएगा।

लोनिवि की कार्यप्रणाली में उठे सवाल
बता दें कि पूर्व में दो बार इस पुलिया का बेस बह चुका है। पानी ने सड़क को भी नुकसान पहुंचाया था। लोनिवि ने कुछ दिन पूर्व ही सड़क और पुलिया को सही करके इसे यातायात के लिए खोला था। उधर ग्रामीणों का आरोप है कि लोनिवि को बीच में इतना समय मिला। इसके बाद भी लोनिवि सुरक्षा इंतजाम नहीं कर पाया। लोनिवि पहले ही सड़क के दोनों ओर चेक डेम या तार की बेरिकेडिंग बना देता तो आज पुलिया और सड़क को नुकसान नहीं पहुंचता।

बीडी पांडे अस्पताल के वार्डों में टपकता रहा पानी
नैनीताल नगर में बुधवार को हुई बारिश के दौरान बीडी पांडे अस्पताल के महिला वार्ड और एक्सरे वार्ड की छत से पानी टपकने से मरीज परेशान रहे। वहीं महिला वार्ड में पानी भर गया। स्टाफ की ओर से मरीजों के बेड के पास बाल्टियां लगाकर पानी को फर्श पर गिरने से रोकने की काेशिश की गई। टपकते पानी के बीच एक्सरे मशीन को भी बंद करना पड़ा जिससे एक्सरे कराने के लिए पहुंचे मरीजों को निराश लौटना पड़ा।

बता दें कि बीडी पांडे अस्पताल में छत की मरम्मत कार्य के चलते इन दिनों अस्पताल के कार्यालय की छत निकाली गई है। बारिश होते ही पानी वार्डों में टपकने लगता है। इधर पीएमएस डॉ. टीके टम्टा ने बताया कि जिला प्रशासन से छत की रिपेयरिंग की मांग की गई है। पहले चरण में कार्यालय और ओपीडी की छत बदली जा रही है। बजट मिलने पर दूसरे चरण में उक्त वार्ड की छत की मरम्मत कराई जाएगी। फिलहाल पॉलीथिन डालकर बचाव किया जा रहा है लेकिन बारिश और हवा के चलते पन्नी उड़ रही है जिससे वार्ड में पानी घुस रहा है। 

Uttarakhand Weather: Dirty water entered houses after heavy rains in nainital
बारिश के बाद सड़क बंद - फोटो : अमर उजाला

कांग्रेसियों ने मंडी की खराब सड़कों में धान रोपाई कर विरोध जताया
कुमाऊं को जोड़ने वाली और गौलापार एवं चोरगलिया के किसानों के लिए टमाटर, फल, सब्जी लाने-ले जाने वाला एकमात्र मंडी का रास्ता जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बुधवार को कांग्रेसियों ने मंडी की सड़क में बने गड्ढों में धान की रोपाई कर विरोध जताया। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता हरेंद्र क्वीरा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन किया जाएगा। इसके अलावा गौलापार क्षेत्र के आंतरिक मार्गों की मरम्मत की भी मांग की गई। वहां महेंद्र सिंह नौला, देवेंद्र सिंह नौला, जीवन सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रेम सुयाल आदि थे। 

मलबा में खेतों में घुसा, फसलों को नुकसान
भीमताल में ग्राम पंचायत डहरा में बुधवार की शाम मूसलाधार बारिश के चलते मलबा खेतों में घुसने से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। ग्राम प्रधान मनोज चनौतिया ने बताया कि मलबा आने से गांव की सड़क भी बंद हो गई है। साथ ही कुछ मकानों को भी खतरा बना हुआ है। प्रधान ने बताया कि मलबे के कारण चेकडैम भी टूट गए हैं। उन्होंने कहा कि मूसलाधार बारिश के तेज होने से गांव में बादल फटने जैसी स्थिति पैदा होने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना है। साथ ही बताया कि अमृतपुर में पंचायत भवन के पास मलबा आने से भवन की दीवारों को नुकसान पहुंचा है। इधर रानीबाग-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर सलड़ी और चंदादेवी के पास मलबा आने से तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। लोनिवि ने जेसीबी से मलबा हटाकर यातायात सुचारु कराया लेकिन सड़क संकरी होने से जाम की समस्या बनी रहीं। 

रामनगर में एनएच पर दो घंटे बाधित रहा यातायात
भारी बारिश की वजह से रामनगर में धनगढ़ी, पनोद नाले और सांवल्दे तथा ढेला नदी उफान पर गई। धनगढ़ी और पनोद नाले में पानी आने से नेशनल हाईवे 309 पर दो घंटे से यातायात बाधित रहा। पुलिस, प्रशासनिक, वन कर्मी व एसडीआरएफ की टीम मौके पर तैनात है। सांवल्दे पुल पार नई बस्ती में नदी का पानी घरों में घुस गया। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इधर तहसीलदार कुलदीप पांडेय ने बताया कि करीब दो घंटे तक एनएच पर यातायात बाधित हुआ। समाचार लिखे जाने तक तेज बहाव के कारण यातायात सुचारु नहीं हो पाया था। नालों के दोनों ओर बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जा रहा है। इधर सिंचाई विभाग के जेई जावेद अहमद ने बताया बारिश के चलते कोसी बैराज में 28 हजार क्यूसेक पानी रिकॉर्ड किया है।

इधर चोरगलिया में शेर और सूर्या नाला उफान पर आने से करीब तीन घंटे तक यातायात ठप रहा। पुलिस ने शाम करीब पांच बजे के बाद नालों में आए तेज बहाव को देखते हुए चोरगलिया थाने के बैरियर को डाउन कर आवाजाही पर रोक लगा दी। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

विज्ञापन
विज्ञापन
Uttarakhand Weather: Dirty water entered houses after heavy rains in nainital
MBPG कॉलेज के क्लासरूम में भरा पानी - फोटो : अमर उजाला

नैनीताल में झमझम बारिश, झील के निकासी द्वार खोले
प्रदेश मौसम विज्ञान केंद्र की भविष्यवाणी के अनुरूप बुधवार को जिले में झमाझम बारिश हुई। बारिश से नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग के ज्योलीकोट के पास स्थित नलेना नामक स्थान पर बंद होने से वाहनों की कतार लग गई। चौकी इंचार्ज अविनाश मौर्य ने बताया कि यातायात नियंत्रण और राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम ने जेसीबी से मलबा हटाकर करीब ढाई घंटे बाद मार्ग सुचारु किया। इधर नैनी झील नियंत्रण कक्ष प्रभारी रमेश सिंह गैड़ा ने बताया कि बुधवार को हुई बारिश के बाद झील का जलस्तर 9 फीट छह इंच हो गया था। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए शाम 3:15 बजे झील के पांचों निकासी द्वार छह इंच खोल दिए गए। बुधवार को जिले के दो राज्य और आठ ग्रामीण मार्ग बंद रहे। 

एमबीपीजी कॉलेज : इतिहास की कक्षा और टीचर्स रूम में पानी भरा
कुमाऊं का सबसे बड़ा एमबीपीजी कॉलेज अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। भारी बारिश के चलते इतिहास की कक्षा और टीचर्स रूम में पानी भर गया। यहां कक्षाओं के बाहर खराब फर्नीचर का ढेर लगा हुआ है। वहीं कक्ष संख्या 50 में बिजली का स्विच बोर्ड खराब हालत में है। इसे बदलने के बजाए यहां टेप चिपकाकर खानापूरी की गई है। अनजाने में छात्रों के बिजली का झटका लग सकता है। वहीं कक्ष संख्या 47 समेत अन्य कक्षों में सिलिंग गिरने का खतरा बना हुआ है। 

विज्ञापन
Uttarakhand Weather: Dirty water entered houses after heavy rains in nainital
नैनीताल में बारिश का कहर - फोटो : अमर उजाला

तेज बरसात के कारण शहर में एक घंटे गुल रही बिजली
मूसलाधार बारिश के कारण बुधवार को शहर में करीब एक घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। ऐसे में नगर के फीडर से जुड़े सभी इलाकों में लोग परेशान रहे। पिटकुल में ट्रिपिंग आने के कारण शाम करीब शाम करीब 4:30 बजे से लेकर 5:20 बजे तक शहर में बिजली गुल रही। विद्युत वितरण खंड नगर के ईई प्रदीप कुमार ने बताया कि ट्रिपिंग रोकने के लिए आइसोलेटर लगाने पड़ते है। बताया कि तेज बरसात के कारण विभाग के अधिकारी यार्ड में नहीं जा पाए जिससे करीब एक घंटे बिजली की सप्लाई बंद रही। 

भारी बरसात से देर शाम जल संस्थान के फिल्टर प्लांट हुए बंद
हल्द्वानी में भारी बरसात के कारण बुधवार को गौला का जलस्तर बढ़ने से फिल्टर प्लांट को होने वाली पेयजल आपूर्ति बाधित रही। देर शाम तक प्लांट बंद रहने से शहर में शाम को होने वाली पानी की सप्लाई तो प्रभावित नहीं हुई लेकिन अधिकारियों के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह लोगों को पानी की दिक्कत हो सकती है।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed