उत्तराखंड में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। खराब मौसम के बीच बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई।
चमोली हेलीकॉप्टर हादसा: माणा घूमकर लौट रहे थे यात्री, पायलट समेत छह की मौत, इधर-उधर बिखरे शव, तस्वीरें
Chamoli Helicopter Crash: हेलीकॉप्टर में सवार तीर्थयात्री देश के प्रथम गांव माणा घूमने भी गए थे। इसके बाद सभी हेलीकॉप्टर से सहस्त्रधारा लौट रहे थे। इसी दौरान ज्योतिर्मठ क्षेत्र में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
ज्योतिर्मठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित बचाव एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया था। जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट किया गया है।
हादसे में इन छह लोगों की हुई मौत
हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। सभी की हादसे में मौत हो गई।
पायलट
कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48 वर्ष), निवासी दिल्ली।
यात्री
प्रतापा (41 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
अरुण सालुंके (44 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
वी.बी. शंकर गौड़ा (39 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
सुधीर के. (50 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
एच.एस. नटराजा (51 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
माणा गांव घूमने के बाद लौट रहे थे तीर्थयात्री
बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में सवार तीर्थयात्री देश के प्रथम गांव माणा घूमने भी गए थे। इसके बाद सभी हेलीकॉप्टर से सहस्त्रधारा लौट रहे थे। इसी दौरान ज्योतिर्मठ क्षेत्र में यह दर्दनाक हादसा हो गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
बता दें कि ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर से जुड़ी यह पहली दुर्घटना नहीं है। इससे पहले भी कंपनी के हेलीकॉप्टरों की केदारनाथ मंदिर के पास और सेरसी हेलीपैड के निकट सड़क पर क्रैश लैंडिंग हो चुकी है। वहीं, कुछ दिन पहले इसी कंपनी के एक हेलीकॉप्टर की टिहरी जिले के चंबा के पास आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी थी।