AC Tips: देश के कई शहरों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इस भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग कई तरह के उपायों को अपना रहे हैं। गर्मी से निजात पाने के लिए लोग बड़े पैमाने पर अपने घरों में एसी को लगवा रहे हैं। इस कारण गर्मी के इस सीजन में एसी का उपयोग काफी बढ़ गया है। अगर आप भी अपने घरों में एसी का उपयोग कर रहे हैं, तो आपको कुछ बातों के बारे में जरूर जान लेना चाहिए वरना आपके एसी में भी आग लग सकती है। एसी में आग लगने के मामले लगातार सामने निकलकर आते रहे हैं।
इस कारण एसी का उपयोग करने के साथ-साथ उसका ध्यान रखना भी जरूरी है। एसी के उपकरण में आने वाली छोटी दिक्कत भी आपके बड़े नुकसान की वजह बन सकती है। इसी कड़ी में आज हम आपको उन जरूरी बातों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनका ध्यान न रखने पर आपके एसी में आग लग सकती है।
आपको एयर फिल्टर की सफाई निश्चित समय पर करते रहनी चाहिए। इसके अलावा आपको उसे एक निश्चित समय पर बदल भी देना चाहिए। एयर फिल्टर के भरे रहने की वजह से हवा ठीक तरह से प्रवाहित नहीं हो पाती है। इस कारण एसी काफी गर्म हो जाता है और उसमें आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।
आपको अपने आउटडोर एसी यूनिट की साफ-सफाई भी समय-समय पर करते रहनी चाहिए। इसके अलावा आउटडोर एसी यूनिट के ऊपर शेड भी लगाना चाहिए। टेक्नीशियन के मुताबिक अगर आप अपने घर में लगातार लंबे समय तक एसी का उपयोग करते हैं, तो आपको इसे बीच-बीच में 9 से 10 मिनट के लिए बंद कर देना चाहिए।
एसी को लगातार लंबे समय तक चलाने से वह काफी गर्म हो जाता है, जिसकी वजह से उसमें आग लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है। इसकी बड़ी वजह यह है कि गर्मी के सीजन में एसी में लगा कंप्रेसर जल्दी गर्म हो जाता है। वहीं अगर आप इसे लगातार बिना बंद किए इस्तेमाल करते हैं, तो यह ओवरहीट हो सकता है।
अगर आप चाहते हैं कि आपके एसी में किसी भी तरह की दिक्कत न आए तो आपको समय-समय पर उसकी सर्विसिंग कराते रहनी चाहिए। इसके अलावा आपको कभी भी एक्स्टेंशन कॉर्ड का इस्तेमाल एसी चलाने के लिए नहीं करना चाहिए।
PM Kisan Yojana: इस दिन आ सकती है 17वीं किस्त, जानिए किन किसानों के खाते में इस बार नहीं आएंगे पैसे