ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर जॉश रिस्डन का फीफा विश्व कप खेलने का सपना पूरा होने वाला है। हालांकि, इसमें खेलने के लिए उन्होंने बड़ा त्याग करते हुए अपना हनीमून छोड़ दिया। रिस्डन की पत्नी इबोनी की भी तारीफ करना होगी, जिन्होंने अपने पति के सपने को पूरा करने में मदद की और हनीमून टालना ठीक समझा।
रूस में गुरुवार से फीफा विश्व कप की शुरुआत हो रही है। रिस्डन ने अपनी गर्लफ्रेंड इबोनी से 20 मई को शादी की थी और इसके तुरंत बाद वह राष्ट्रीय फुटबॉल कैंप से जुड़ने चले गए। इस समय रिस्डन अपनी टीम के साथ रूस में विश्व कप खेलने के लिए मौजूद हैं जबकि उनकी पत्नी इबोनी घर पर हैं और उन्हें अपने पति की उपलब्धि पर गर्व है।
इबोनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, 'मैंने इतने सालों में फुटबॉल के उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन इन सभी से आप इस स्तर (फीफा विश्व कप) तक पहुंचे। विश्व कप टीम में नाम शामिल होना बहुत बड़ी उपलब्धि है। आप इसका पूरा आनंद उठाओ। आप इसके हकदार हो और मुझे आप पर गर्व है। मैं आपसे प्यार करती हूं और आपको पता भी नहीं होगा तबसे आपके लिए खड़ी हूं।'
वहीं, रिस्डन ने कहा, 'हनीमून एक खास पल होता है, लेकिन इस दौरान मेरे लिए कुछ अधिक महत्वपूर्ण है, तो वह है फीफा वर्ल्ड कप। मेरी पत्नी ने पूरी तरह से मेरा समर्थन किया है। हमारी शादी के बाद मैं वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए राष्ट्रीय टीम में शामिल हो गया। टूर्नामेंट के बाद हम कुछ सप्ताह साथ में बिताएंगे। मैं अभी बहुत खुश हूं।'
ऑस्ट्रेलिया अपने अभियान की शुरुआत 16 जून को फ्रांस के खिलाफ करेगा। इसके बाद 21 जून को उसकी भिड़ंत डेनमार्क और फिर 26 जून को पेरू से होगी।