Vinayaka Chaturthi 2022: हिंदू पंचांग के अनुसार, हर महीने दो चतुर्थी तिथि आती हैं। कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को संकष्टी चतुर्थी कहा जाता है, जबकि दूसरी शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को विनायक चतुर्थी के नाम से जानते हैं। अभी वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी आने वाली है। यानी 4 मई को विनायक चतुर्थी का व्रत रखा जाएगा। यह चतुर्थी तिथि बुधवार की सुबह 7 बजकर 32 मिनट से प्रारंभ होकर अगले दिन 5 मई को गुरुवार की सुबह 10 बजे तक रहेगी। विनायक चतुर्थी विघ्नहर्ता श्री गणेश को समर्पित है। मान्यता है कि इस दिन गणपति की पूजा तथा व्रत रखने से ज्ञान और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है। गणेश जी प्रथम पूज्य हैं और शुभता के भी प्रतीक हैं। इस विनायक चतुर्थी पर आप कुछ ज्योतिष उपाय से गणेश जी को प्रसन्न कर सकते हैं और उससे आपको धन-दौलत, सुख एवं सौभाग्य की प्राप्ति होगी। आइए जानते हैं उन उपायों के बारे में।
Vinayaka Chaturthi 2022: आज है विनायक चतुर्थी, सुख-समृद्धि के लिए करें ये उपाय
सिंदूर अर्पित करें
भगवान श्री गणेश को सिंदूर प्रिय है। विनायक चतुर्थी के दिन पूजा के समय गणेश जी को लाल सिंदूर का तिलक लगाएं और उसी से स्वयं का भी तिलक करें। इस दौरान सिन्दूरं शोभनं रक्तं सौभाग्यं सुखवर्धनम्। शुभदं कामदं चैव सिन्दूरं प्रतिगृह्यताम्॥ ओम गं गणपतये नमः मंत्र पढ़ें। आप पर गणेश जी प्रसन्न होंगे और उनकी कृपा प्राप्त होगी।
शमी के पत्ते
आपको धन, वैभव और सुख समृद्धि की चाह है, तो विनायक चतुर्थी के अवसर पर गणेश जी को शमी के पत्ते पूजा के समय अर्पित करें। गणेश जी को शमी के पत्ते प्रिय हैं। शमी का पत्ता आप भगवान शिव और शनि देव को भी चढ़ा सकते हैं।
गणेश जी की मूर्ति
यदि आप घर परिवार की तरक्की एवं उन्नति चाहते हैं तो विनायक चतुर्थी के दिन मूषक पर सवार गणेश जी की मूर्ति या तस्वीर की विधिपूर्वक पूजा करें। इससे आपकी मनोकामना पूर्ण होगी।
दूर्वा अर्पित करें
विनायक चतुर्थी को पूजा के समय गणेश जी को 5 दूर्वा या दूर्वा की 21 गांठें इदं दुर्वादलं ऊं गं गणपतये नमः मंत्र के साथ उनके सिर पर अर्पित करें। इससे गणेश जी प्रसन्न होकर आपकी मनोकामनाएं पूरी करेंगे। दूर्वा गणेश जी को अतिप्रिय है।