Hanuman Ji Ke Upay: आज के समय में लोग अपने काम और जीवन की परेशानियों को लेकर इतने ज्यादा तनाव में रहने लगे हैं कि बहुत जल्दी अपनी सहनशक्ति खो देते हैं। बात-बात पर कुछ लोगों को अत्यधिक क्रोध आ जाता है। जबकि क्रोध की अधिकता न केवल दूसरों को समस्या में डालती है बल्कि सेहत के लिए भी नुकसानदायक होती है। कभी-कभी क्रोध आने पर व्यक्ति का मस्तिष्क कार्य करना बंद कर देता है, उसे सही और गलत की समझ नहीं रह जाती है, परिणाम स्वरूप व्यक्ति कभी-कभी स्वयं का ही अहित कर देता है, इसलिए क्रोध को शांत करना बेहद आवश्यक होता है। कभी-कभी अधिक तनाव की वजह से क्रोध आता है, लेकिन यदि किसी व्यक्ति को बात-बात पर गुस्सा आता है, तो इसका कारण मंगल की अशुभता भी हो सकता है। इस स्थिति में आपके लिए भगवान हनुमान की आराधना बहुत शुभ हो सकती है। ऐसे में यदि आप हनुमान जी की आराधना से संबंधित कुछ उपाय करते हैं तो अवश्य ही आपको लाभ प्राप्त हो सकता है। चलिए जानते हैं उपाय....
Hanuman Ji Ke Upay: आता है अत्यधिक क्रोध तो करें हनुमान जी की आराधना से संबंधित ये उपाय, जल्द मिलेगी राहत
यदि आपको बात-बात पर गुस्सा आता है तो मंगलवार के दिन प्रातः उठकर स्नानदि करने के बाद हनुमान जी की पूजा करें और फिर पूरे दिन उपवास करें। प्रत्येक मंगलवार को ये उपाय करने से आपको स्वयं में कुछ बदलाव महसूस होंगे।
ज्योतिष के अनुसार, मंगल की अशुभता के कारण व्यक्ति को अत्यधिक क्रोध आने लगता है। ऐसे में मंगल को शांत करने के लिए हनुमान जी की पूजा बहुत लाभदायक रहती है। इसके लिए आप प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ कर सकते हैं। प्रतिदिन नहीं कर पा रहे तो हर मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ अवश्य करें। इससे मन से नकारात्मक विचार दूर होते हैं भय से मुक्ति प्राप्त होती है और मन शांत रहता है।
भगवान हनुमान को भी तुलसी बेहद प्रिय है। हनुमान जी को तुलसी की माला अर्पित की जाती है साथ ही उनके भोग में भी तुलसी शामिल की जाती है। मंगलवार के दिन सिंदूर से तुलसी के पत्ते पर राम लिखें और ये पत्ते हनुमान जी को अर्पित कर दें। इससे मन शांत होता है और मन में नकारात्मकता कम होती है।
सुंदर कांड का पाठ करना बहुत ही लाभदायक माना जाता है। मंगलवार को दिन के दोने प्रहर में सुंदरकांड का पाठ करना चाहिए। इससे क्रोध पार काबू करने में सहायता मिलेगी।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): ये खबर लोक मान्यताओं पर आधारित है। इस खबर में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।