Holi 19 March 2022 : अक्सर हमारे देश में मनाए जाने पर्वों की तारीखों को लेकर काफी सारे मतभेद होते रहे हैं। और इसी मतभेदों के चलते पर्वों को दो दिन मनाया जाने लगा। इस बार भी होली को लेकर ऐसा संशय सामने आया जिसमें कुछ राज्यों में होली बीते दिन यानी कि 18 मार्च को मनाई गई और इसके इतर 3 ऐसे राज्य हैं जहां होली आज यानी 19 मार्च को मनाई जा रही है। आमतौर पर जिस दिन होलिका दहन होता है उसके अगले दिन धुलेंडी यानी रंग भरी होली आरंभ हो जाती है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। इस बार होली को लेकर एक अलग संयोग बना है जिस कारण होली की तारीखों के चलते मतभेद उत्पन्न हो गया। और इसी के चलते तीन राज्यों में होली का रंग भरा पर्व आज यानी 19 मार्च को मनाया जाएग। आइए जानते हैं क्या है इसके पीछे का कारण
Holi 2022: झारखंड समेत अन्य 2 राज्यों में आज मनाई जा रही है होली, जानें मुहूर्त
इन राज्यों में आज है होली
होली का पर्व उत्तर भारत समेत कई राज्यों में कल मनाया जा चुका है लेकिन झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में शास्त्रीय विधान के अनुसार आज यानी 19 मार्च को होली मनाई जा रही है।
आज क्यों मनाई जा रही है होली
पंचांग की गणना के अनुसार होलिका दहन 17 मार्च को हुआ था और रंगों वाली होली आज यानी 19 मार्च को मनाई जा रही है। पंचांग के अनुसार इस साल फाल्गुन पूर्णिमा तिथि का आरंभ 17 मार्च को दोपहर 12 बजकर 57 मिनट पर हुआ और इसका समपन 18 मार्च को दोपहर 12 बजकर 53 मिनट पर होगा।
उदयातिथि के अनुसार मनेगी होली
धर्म शास्त्र अनुसार होलिका दहन के बाद सूर्योदय काल व्यापिनी चैत्र कृष्ण प्रतिपदा में रंगोत्सव मनाया जाना चाहिए। इस वर्ष प्रतिपदा 18 मार्च को दोपहर 12:53 बजे लग रही है जो 19 मार्च को दोपहर तक है। इस तरह चैत्र कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा उदया तिथि में 19 मार्च को ही मिल रही है। इसलिए शास्त्रीय विधान के अनुसार बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 19 मार्च को उदयातिथि में चैत्र कृष्ण प्रतिपदा होने के कारण होली मनाई जा रही है।
पश्चिम बंगाल की होली है विशेष
जिस प्रकार उत्तर भारत में ब्रज की होली खास मानी जाती है ठीक उसी प्रकार पश्चिम बंगाल के शांति निकेतन की होली काफी मशहूर है। यहां पर स्थानीय लोग होली और बसंत का त्योहार एकसाथ मनाते हैं। होली के उपलक्ष्य में कई प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है। यहां प्राकृतिक रंगों और गुलाल से होली खेली जाती है।