आप किसी ऐसी लड़की के बारे में सोच सकते हैं जो खुद को बदसूरत मानती हो लेकिन फिर भी अपने अभिनय का लोहा मनवाया और दुनिया की खूबसूरत अभिनेत्रियों में शामिल हुईं। सलमा हायेक ऐसी ही अभिनेत्री हैं जो किशोरवस्था में खुद को आकर्षक नहीं मानती थीं लेकिन उन्होंने अभिनय की दुनिया को करियर के रूप में चुना। सलमा हायेक 600 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की मालकिन हैं और दुनिया उनकी खूबसूरती की मिसाल देती है।
सिनेमा की खूबसूरत अभिनेत्रियों में गिना जाता है नाम, एक समय खुद को मानती थीं बदसूरत
सलमा हायेक का जन्म मैक्सिको के संभ्रांत परिवार में 2 सितंबर 1966 को हुआ था। उनकी मां, डायना मेदीना एक मशहूर ऑपरा सिंगर थीं व पिता, सामी हायेक एक सफल लेबनीज तेल व्यापारी थे। पिता सामी, अपनी लाडली बेटी के खूब नखरे उठाया करते थे। अक्सर संडे मास के बाद वे बच्चों को फिल्म दिखाने ले जाते थे। यही वह दौर था, जब सलमा समझने लगी थीं कि उन्हें अपने जीवन से बहुत कुछ चाहिए।
सलमा काफी छोटी उम्र में ही जिमनास्टिक्स करती थीं। वे केवल 9 साल की थीं जब उन्हेें नेशनल जिमनास्टिक्स टीम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। लेकिन पिता नहीं चाहते थे कि छोटी उम्र में सलमा को ट्रेनिंग के लिए दूसरे शहर जाना पड़े। सलमा ने पिता की बात मानी और परिवार के साथ रहीं। हालांकि बाद में सलमा ने अपने माता-पिता को मनाया और लुइजियाना के कैथलिक गर्ल्स बोर्डिंग स्कूल में दाखिला लिया। पढ़ाई अच्छी चल रही थी कि अचानक सलमा डिस्लेक्सिया की मरीज हो गईं।
अब वे पहले की तरह पढ़ने-लिखने का आनंद नहीं ले पा रही थीं। वे अपनी शारीरिक बनावट से भी असहज रहती थीं। उन्हें लगता था कि उनका शरीर अन्य लड़कियों की तरह आकर्षक नहीं है। वे लगभग 15 साल की थीं जब अपनी आंटी के पास अमेरिका रहने चली गईं। वहां रहते हुए उनकी अंग्रेजी पर पकड़ हो गई थी। टीनएज में उन्हें स्किन की समस्याएं खूब होती थीं, जो अक्सर टीनेजर्स को होती हैं, लेकिन सलमा इनसे परेशान रहती थीं। उन्हें डिप्रेशन व पेट संबंधित समस्याएं भी हो गईं थीं। वे दिनभर कुछ खाती नहीं थीं या बहुत ज्यादा खा लेती थीं। अनियमित खानपान की वजह से उनका वजन भी बहुत बढ़ गया था। वे अपने लुक्स को लेकर हमेशा ही चिंतित रहती थीं और कई दिनों तक घर के बाहर नहीं निकलती थीं।
हालांकि मैक्सिको की अमेरिकन यूनिवर्सिटी में दाखिला लेने तक वे अपनी सभी कमियों से सहज हो चुकी थीं। उन्होंने एक्टिंग कोर्स शुरू कर दिया था। अपने इस शौक के बारे में जब उन्होंने पिता को बताया तो शुरुआत में उन्हें भरोसा नहींं हुआ, लेकिन उन्होंने बेटी का हौसला बढ़ाया और उसके फैसले को पूरा सम्मान भी दिया। 1991 में सलमा एक्टिंग सीखने लॉस एंजिल्स चली गईं। वहां उन्हें अपना मैक्सिकन एक्सेंट छोड़ने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी क्योंकि यह उनके हॉलीवुड करियर में बड़ी बाधा बन सकता था।

कमेंट
कमेंट X