वाराणसी: बिन मोदी हुआ ट्रामा सेंटर का उद्घाटन, जमकर हंगामा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा रद्द होने का ऐलान होने के बाद गुरुवार की दोपहर बीएचयू ट्रामा सेंटर के लोकार्पण का सियासी ड्रामा शुरू हो गया। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और विधायक अजय राय लंका पहुंचे। पूर्व निर्धारित समय अपराह्न 3:55 बजे नारियल फोड़कर ट्रामा सेंटर के लोकार्पण का ऐलान कर प्रशासन को परेशानी में डाल दिया।
वाराणसी: बिन मोदी हुआ ट्रामा सेंटर का उद्घाटन, जमकर हंगामा
अविमुक्तेश्वरानंद ने नारियल फोड़ा, बटुकों ने मंत्रोच्चार किया और कौमी एकता दल के नेता अतहर जमाल लारी ने सूरह फातिहा पढ़कर लोकार्पण की रस्म पूरी कराई। दो घंटे तक चले सियासी ड्रामे के दौरान हल्ला और हंगामे के बीच लंका इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।
वाराणसी: बिन मोदी हुआ ट्रामा सेंटर का उद्घाटन, जमकर हंगामा
द्वारिका-शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद के प्रतिनिधि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद दो बजे सैकड़ों बटुकों के साथ लंका चौराहे पर पहुंचे। पहले से वहां तैनात पुलिस ने उन्हें ट्रामा सेंटर जाने से रोक दिया। उसके बाद साधु-संत चौराहे पर ही महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा के पास धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि देश में इलाज के अभाव में लोगों की मौतें हो रही हैं। लोकार्पण के इंतजार में ट्रामा सेंटर में मरीजों का इलाज न होना, कुछ वैसा ही है कि भोजन सामने हो और भूख से बच्चे बिलबिला रहे हों लेकिन घर के मुखिया के नहीं आने की वजह से उन्हें भोजन न मिले।
वाराणसी: बिन मोदी हुआ ट्रामा सेंटर का उद्घाटन, जमकर हंगामा
धरने के दौरान हालांकि ट्रामा सेंटर के ओएसडी प्रो. आनंद कुमार खुद मौके पर पहुंचे और स्पष्ट किया कि ट्रामा सेंटर में 20 अप्रैल से ही इलाज चल रहा है। इस पर अविमुक्तेश्वरानंद ने सवाल उठाया कि जब इलाज शुरू हो ही चुका है तो लोकार्पण के नाम पर करोड़ों रुपये की बरबादी क्यों की जा रही है। इस दौरान कौमी एकता दल के नेता अतहर जमाल लारी भी यहां पहुंचे। घंटे भर बाद विधायक अजय राय, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, प्रदेश महासचिव सतीश चौबे, छावनी परिषद के सदस्य शैलेंद्र सिंह भी पोस्टमार्टम हाउस पर करंट से मारे गए माली को श्रद्धांजलि देने सीधे धरना स्थल पर आ गए।
वाराणसी: बिन मोदी हुआ ट्रामा सेंटर का उद्घाटन, जमकर हंगामा
प्रधानमंत्री को अपराह्न 3:55 बजे ट्रामा सेंटर का लोकार्पण करना था। जैसे ही 3:55 मिनट हुआ अविमुक्तेश्वरानंद और नेता ट्रामा सेंटर की ओर बढ़ने लगे लेकिन पुलिस ने चौराहे पर ही रोक लिया। अविमुक्तेश्वरानंद ने वहीं नारियल फोड़ा, बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार किया और अतहर जमाल लारी ने सूरह फातिहा पढ़ा। फिर नेताओं ने सामूहिक तौर पर ट्रामा सेंटर के लोकार्पण का ऐलान कर दिया। विधायक अजय राय ने कहा कि पीएम के ट्रामा सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम ने एक मजदूर की बलि ले ली। आगे किसी की जान न जाए इसलिए लोकार्पण किया गया।