Independence Day 2023: हर साल 15 अगस्त के दिन स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया जाता है। आजादी के बाद से भारत में कई बदलाव आए। पर्यटन के क्षेत्र में देश पहले से समृद्ध था, लेकिन पर्यटन स्थलों को अधिक आकर्षक और प्रभावी बनाया गया ताकि देश विदेश से यात्री भारतीय पर्यटन क्षेत्रों की ओर आकर्षित हों। देश में उत्तर से लेकर दक्षिण तक कई पर्यटन स्थल हैं, जिनकी सुंदरता विदेशी दृश्यों से कम नहीं। यहां पहाड़ों से समुद्र तट तक और हरियाली से मरुस्थल तक, हर तरह के क्षेत्र और प्राकृतिक नजारे हैं। धार्मिक जगहों के साथ ऐतिहासिक स्थल से समृद्ध भारत दर्शन के लिए स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छुट्टी मिलती है। 15 अगस्त से पहले वीकेंड है। ऐसे में आप आजादी का जश्न मनाने के लिए कई जगहों पर जा सकते हैं। राजस्थान अपनी ऐतिहासिकता, प्राकृतिक नजारों और शाही शानो शौकत के लिए मशहूर है। 15 अगस्त के मौके पर यहां कुछ शहरों को विशेष तौर पर घूमने जा सकते हैं। राजस्थान की इन जगहों पर आजादी का जश्न अधिक उत्साहित तरीके से मनाया जा सकता है।
Independence Day 2023: मनाना है आजादी का जश्न? स्वतंत्रता दिवस के मौके पर घूमें राजस्थान की ये जगह
उदयपुर
स्वतंत्रता दिवस पर घूमने के लिए उदयपुर बेहतरीन जगह है। यहां कई फोर्ट, महल और हेरिटेज होटल को तिरंगे के रंग से सजाया जाता है। इस शहर में सिटी पैलेस, पिछोला झील, फतेहसागर झील, सज्जनगढ़ पैलेस, विंटेज कार म्यूजियम और दूध तलाई म्यूजिकल गार्डन घूम सकते हैं।
जोधपुर
राजस्थान की ब्लू सिटी यानी जोधपुर देशी और विदेशी पर्यटकों की पसंदीदा डेस्टिनेशन है। स्वतंत्रता दिवस पर जोधपुर में आजादी का जश्न मनाने जा सकते हैं। इस शहर में कई जगहों पर देशभक्ति के कार्यक्रमों का आयोजन होता है। जोधपुर में मेहरानगढ़ फोर्ट को ट्राई कलर से सजाया जाता है। जोधपुर में तूरजी की बावड़ी, उम्मेद भवन पैलेस और जसवंत थड़ा जैसी बेहतरीन जगह है।
माउंट आबू
राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू अपनी खूबसूरती के लिए प्रसिद्ध है। 15 अगस्त के मौके पर माउंट आबू घूमने जा सकते हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सूरज ढलते ही माउंट आबू जगमगा उठेगा।
जैसलमेर
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजस्थान के सबसे खूबसूरत और पर्यटकों के पसंदीदा शहरों में से एक जैसलमेर को घूमने जा सकते हैं। जैसलमेर राजस्थान का एतिहासिक शहर है, जहां मनमोहक झीले, प्रसिद्ध मंदिर, हवेलियां, महल और भारत- पाकिस्तान बॉर्डर की सैर कर सकते हैं। यहां भारत पाक सीमा तनोट बॉर्डर है, जिसे 15 अगस्त पर घूमने जा सकते हैं। इस दिन यहां परेड होती है, जिसमें आप शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा जैसलमेर वॉर म्यूजियम भी घूमने जा सकते हैं।