सर्दियां दस्तक दे चुकी है और बीते हफ्ते हुई बारिश के बाद से ठंड भी बढ़ने लगी है। ऐसे में सर्दियों के लिए स्वेटर, जैकेट, ब्लेजर, मफलर वगैरह की शॉपिंग के लिए आप कुछ ऐसे बाजार तलाश रहे होंगे, जहां आपको किफायती दामों में अच्छे प्रॉडक्ट मिल सकें। तो हम आपको बता रहे हैं दिल्ली के कुछ ऐसे ही बाजारों के बारे में:
दिल्ली के इन बाजारों में महज 500 रुपए में मिलेगी शानदार जैकेट, 250 रुपए में स्वेटर
मॉनेस्ट्री मार्केट
कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन से पास स्थित मॉनेस्ट्री मार्केट इन दिनों सर्दियों के कपड़ों से गुलजार है। बच्चों के स्वेटर से लेकर युवाओं के लिए हूडी और जैकेट यहां किफायती कीमतों में उपलब्ध हैं। हूडी की रेंज 400 रुपये से शुरू है, जबकि जैकेट की रेंज 500 रुपये से शुरू है। यूनिवर्सल यानी कि दोनों तरफ से पहनने वाले जैकेट यहां 800 से 3000 रुपये तक उपलब्ध है। यहां यूं तो सालों भर युवाओं की भीड़ लगी रहती है, लेकिन इन दिनों सर्दियों की शॉपिंग का यह बेहतर विकल्प है।
गांधी नगर मार्केट
सर्दियों के कपड़ों की शॉपिंग बेहद किफायती कीमतों में करना चाहते हैं तो दिल्ली का गांधी नगर मार्केट आपके लिए बेहतर विकल्प है। इसे भारत ही नहीं बल्कि एशिया का बड़ा थोक मार्केट कहा जाता है। वैसे तो यह मार्केट थोक बिक्री के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां आपको अपने लिए स्वेटर से लेकर जैकेट तक बहुत कम दामों में मिल जाएंगे। खुदरा खरीद के लिए आपको यहां मोल-भाव ठीक से आना चाहिए। कई बार ऐसा होता है कि जिस जैकेट के शुरुआत में 3000 रुपये बताए जाते हैं, वह मोल-भाव के बाद 500 रुपये तक में मिल जाता है।
180 रुपये में स्वेटर, 350 में जैकेट
गांधी नगर मार्केट से खरीदारी कर देशभर के अलग-अलग इलाकों में कपड़े सेल किए जाते हैं। यहां खुदरा बिक्री के लिए भी स्वेटर और जैकेटों की विस्तृत रेंज उपलब्ध हैं। लेडिज स्वेटर की बात करें तो 180 से 200 रुपये इनकी शुरुआती कीमते हैं। वहीं 350 रुपये से 2200 रुपये तक जैकेट मिल जाते हैं। क्वालिटी के हिसाब से कीमतें ज्यादा होती चली जाती हैं। यहां से अक्सर खरीदारी करने वाले ऋतु और प्रकाश शर्मा का कहना है कि इस सीजन में उन्होंने 2000 रुपये में तीन जैकेट खरीदे और उनकी क्वालिटी भी अच्छी है।
कमला नगर मार्केट
कपड़ों की शॉपिंग हो या ब्यूटी प्रॉडक्ट की खासकर लड़कियों के लिए कमला नगर बेस्ट मार्केट है। यहां से अक्सर खरीदारी करने वाली पूजा और आरती की मानें तो सर्दियों के इस सीजन में लड़कियों के लिए काफी सस्ते में स्वेटर, जैकेट और वुलेन लेगिंग्स उपलब्ध हैं। स्वेटर की रेंज 350 रुपये से शुरू हो जाती है, तो वहीं 450 रुपये से लेकर 1600 रुपये तक अच्छे जैकेट मिल जा रहे हैं। शॉल की भी इस बार यहां विस्तृत रेंज आई है।